सराई सिंगार में अवैध कबाड़ कारोबार, सिंडिकेट बनाकर करा रहे काम कबाड़ कारोबारी
हरदी बाजार में धड़ल्ले से चल रहा अवैध कबाड़ कारोबार, पत्रकारों को दी धमकी — जांच की मांग
- By 24hnbc --
- Friday, 27 Nov, 2026
24hnbc.com
कोरबा/हरदी बाजार, 28 नवंबर 2026।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, हरदी बाजार क्षेत्र के ग्राम सराई सिंगार में इन दिनों अवैध कबाड़ का कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। जानकारी के अनुसार गांव में कई बाहरी लोगों के द्वारा अलग अलग जगह कबाड़ के ठिकाने तैयार कर चुपके से अवैध कबाड़ का काम कराया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बलौदा बाजार के एक कारोबारी द्वारा यहां सिंडिकेट तैयार कर यह काम कराया जा रहा है। सराई सिंगार में काम कर रहे कबाड़ कारोबारियों से पूछने पर उन्होंने बताया कि यह कबाड़ एकत्र करने का काम बलौदा बाजार के एक सेठ कारोबारी के द्वारा मिलकर कराया जा रहा है।
यह भी बताया गया कि गांव से एकत्र किया गया कबाड़ का माल बलौदा बाजार ले जाकर खपाया जा रहा है। बताया गया कि इस पूरे काम में पारदर्शिता नहीं है।
इस विषय में जानकारी लेने के लिए जब संबंधित कारोबारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान ठीक से जवाब नहीं दिया। बातचीत के दौरान धमकी भरे अंदाज में बात की गई।
इससे स्पष्ट शंका जाहिर की जा सकती है कि कबाड़ के इस कारोबार में बड़ी गड़बड़ी हो सकती है। बिना अनुमति के इस तरह कबाड़ का एकत्रीकरण और परिवहन नियमों के विरुद्ध है।
*एसईसीएल प्रभावित क्षेत्र होने से बढ़ी शंका*
हरदी बाजार क्षेत्र एसईसीएल प्रभावित क्षेत्र है और कई निजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां भी इस क्षेत्र में लंबे समय से अपना काम कर रही हैं। चूंकि यह इंडस्ट्री क्षेत्र है, इसलिए यहां भारी मात्रा में लोहा और टीन धातु का बिखरा रहना या दिख जाना स्वाभाविक है।
मिली जानकारी के अनुसार इसी का फायदा उठाकर शंका जाहिर की जा सकती है कि कहीं इन कबाड़ सिंडिकेट द्वारा चोरी का सामान भी तो खपाया नहीं जा रहा है, क्योंकि हरदी बाजार और दीपका क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं होना अक्सर आम बात है।
यह भी बताया गया कि बाहर का व्यक्ति अगर यहां सिंडिकेट बनाकर इन क्षेत्रों में कबाड़ का काम करवा रहा है, तो कहीं न कहीं राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण के बिना बाहरी व्यक्ति के इतने हौसले बुलंद नहीं हो सकते। यह एक गंभीर सोचने योग्य विषय है।
*क्या कहते हैं कबाड़ खरीद-फरोख्त के नियम*
कबाड़ का कारोबार ऐसे ही नहीं चलाया जा सकता। इसके लिए कई कानूनी औपचारिकताएं जरूरी हैं -
*1. ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य:* नगर पालिका / नगर पंचायत / ग्राम पंचायत से कबाड़ दुकान का ट्रेड लाइसेंस लेना जरूरी है। बिना लाइसेंस दुकान चलाना अवैध है।
*2. जीएसटी पंजीयन:* कबाड़ की खरीद-बिक्री व्यापार की श्रेणी में आती है। नियमानुसार जीएसटी पंजीयन, बिल और हिसाब रखना जरूरी है। बिना बिल माल बेचना-खरीदना संदेह के दायरे में आता है।
*3. खरीद का पूरा रिकार्ड:* कबाड़ दुकानदार को हर खरीद का रजिस्टर रखना होता है - किससे, कब, क्या सामान खरीदा, कितनी मात्रा, कितनी कीमत। बेचने वाले का नाम, पता और पहचान पत्र की कॉपी रखना जरूरी है।
*4. चोरी का माल खरीदना अपराध:* भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 के तहत जानते हुए चोरी का माल खरीदना, रखना या खपाना गंभीर अपराध है। इसमें सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
*5. सरकारी / कंपनी का सामान:* एसईसीएल या किसी कंपनी का लोहा, केबल, मशीन पार्ट्स बिना नीलामी / अनुमति के खरीदना-बेचना चोरी की श्रेणी में आता है। इसके लिए कंपनी की एनओसी या नीलामी पर्ची होना जरूरी है।
*6. नाबालिग से खरीद पर रोक:* नाबालिग बच्चों से कबाड़ खरीदना और उनसे काम कराना बाल श्रम कानून के तहत प्रतिबंधित है।
*7. प्रदूषण और सुरक्षा नियम:* कबाड़ गोदाम के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति, आग से सुरक्षा और गोदाम की जगह का निर्धारित मानक पूरा करना जरूरी है।
*8. पुलिस सत्यापन:* संदिग्ध कबाड़ की सूचना पुलिस को देना दुकानदार की जिम्मेदारी है। पुलिस कभी भी रजिस्टर और गोदाम की जांच कर सकती है।
*जांच की मांग*
सराई सिंगार में चल रहे कबाड़ के ठिकानों की जांच कराया जाना आवश्यक है और यह स्पष्ट भी होना चाहिए कि यह कारोबार किस अनुमति के तहत चल रहा है। यदि इसमें कोई अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी होनी चाहिए।
सभी कबाड़ ठिकानों का लाइसेंस, जीएसटी पंजीयन, खरीद रजिस्टर और गोदाम की जांच किया जाना आवश्यक है और इंडस्ट्रियल एरिया होने से सामान की चोरी रोकने के लिए नियमित निगरानी किया जाना भी जरूरी है ।

