गंगा फ्यूल का मामला
बंद पंप पर अवैध पेट्रोल बिक्री का विरोध किया तो सीनियर मैनेजर से मारपीट, एफआईआर दर्ज
- By 24hnbc --
- Saturday, 10 Oct, 2026
24hnbc.com
बिलासपुर, 10 अक्टूबर 2026।
शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा स्थित गंगा फ्यूल्स पेट्रोल पंप (डी.पी. कॉलेज के पास) में सीनियर मैनेजर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने पूर्व मैनेजर विकास कुमार यादव उर्फ सोनू और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
शिकायतकर्ता अभिमन्यु सिंह ने बताया कि वे गंगा फ्यूल्स में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। आरोपी विकास यादव पिछले 8-10 साल से उसी पंप में मैनेजर था। पेट्रोल पंप पिछले करीब दो महीने से बंद है। आरोप है कि इसके बावजूद विकास बाहर से पेट्रोल लाकर डिब्बों में भरकर अवैध रूप से बेच रहा था।
पंप संचालिका जसप्रीत कौर के निर्देश पर जब अभिमन्यु सिंह ने इसकी जानकारी जुटाई और इसकी सूचना संचालिका को दी, तो नाराज होकर विकास ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद संचालिका ने विकास को काम से हटा दिया, जिससे वह रंजिश रखने लगा।
शिकायत के अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 8 बजे विकास कुमार यादव अपने साथियों के साथ पेट्रोल पंप पहुंचा और अभिमन्यु सिंह के साथ गाली-गलौज कर हाथ-मुक्के से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान कर्मचारी नीरज त्रिपाठी और देवेंद्र बर्मन ने बीच-बचाव किया। मारपीट में अभिमन्यु के कान और जबड़े में चोट आई है।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी लगातार उसकी रेकी कर रहा है, जिससे उसे दोबारा हमले की आशंका है।
सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

