24hnbc
प्रेस क्लब कोरबा की शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
24hnbc.com
कोरबा, बिलासपुर , 23 जुलाई 2026।
कोरबा प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की परंपरा पूरे प्रदेश में सबसे अलग और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि जिस व्यवस्थित ढंग से कोरबा प्रेस क्लब अपने भवन में पत्रकार वार्ताओं का आयोजन करता है, उसकी चर्चा पूरे छत्तीसगढ़ में होती है और यह व्यवस्था अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशाद खान एवं उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कोरबा प्रेस क्लब प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ प्रेस क्लब के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा। उन्होंने मंच पर मौजूद रायपुर एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन दोनों बड़े प्रेस क्लबों के बीच कोरबा प्रेस क्लब ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलते दौर में पत्रकारिता की जिम्मेदारी पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के युग में पत्रकारों को लगातार स्वयं को नई तकनीकों के अनुरूप तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा पत्रकार इस क्षेत्र में आ रहे हैं, जिससे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और अधिक सशक्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता चुनौतियों से भरा पेशा है, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद पत्रकार समाज में जनजागरण और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य निरंतर कर रहे हैं। युवा पत्रकार अपने संघर्ष और मेहनत से नई पहचान बना रहे हैं, जो पूरे पत्रकारिता जगत के लिए उत्साहजनक है।
इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष द्वारा प्रेस क्लब भवन के विस्तार के लिए 20 लाख रुपये की मांग रखी गई। इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंच से ही 20 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा करते हुए कहा कि प्रस्ताव भेजते ही शीघ्र राशि स्वीकृत कर दी जाएगी।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने प्रसिद्ध प्रेरणादायक पंक्तियाँ सुनाईं—
"असफलता एक चुनौती है, इसे स्वीकार करो,
कमी क्या रह गई, देखो और विचार करो।
संघर्ष का मैदान छोड़कर मत भागो तुम,
जब तक सफल न हो, नींद-चैन त्यागो तुम।
कुछ किए बिना किसी की जय-जयकार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।"
उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि कोरबा प्रेस क्लब पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता और जनहित के मूल्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।


