No icon

24hnbc

कांग्रेस कोटे के मंत्री बदलेंगे झारखण्ड में

 

 

झारखंड प्रदेश कांग्रेस में नए साल में बदलाव होगा। एक तरफ जहां प्रदेश नेतृत्व बदला जा सकता है, वहीं कांग्रेस कोटे के एक या दो मंत्री भी बदले जा सकते हैं। केंद्रीय आलाकमान इस पर मंथन कर रहा है। कांग्रेस कोटे के चारों मंत्रियों के पिछले एक साल के काम की समीक्षा की जा रही है, उसके आधार पर आलाकमान उन पर निर्णय लेगा। मंत्रियों द्वारा जनता के हित में किए गए विभागीय काम के साथ-साथ विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए किए गए कामों की समीक्षा की जा रही है। पार्टी में समय-समय पर मंत्रियों के फोन नहीं उठाने, विधायकों समेत कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज करने के मामले उठते रहे हैं।आलाकमान यह भी देख रहा है की चुनावी घोषणा पत्र में जो कुछ वादे किए गए थे, विभाग मिलने के बाद उसे कहां तक पूरा किया गया।

डॉ रामेश्वर उरांव पर दबाव हो सकता है कम
डॉ रामेश्वर उरांव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ-साथ राज्य सरकार में वित्त व खाद्य आपूर्ति मंत्री हैं। वे विभागों के साथ-साथ पार्टी संगठन का भी काम देख रहे हैं। पिछले महीने वे कोरोना संक्रमित हो गए थे, जिसका असर उनके स्वास्थ्य पर पड़ा है। ऐसे में आलाकमान संगठन के नेतृत्व के काम से मुक्त कर सकता है, ताकि उन पर दबाव कम रहे।

महिलाओं की दिख सकती है ताकत
नए प्रदेश नेतृत्व के साथ साथ झारखंड सरकार के कैबिनेट में कांग्रेस की महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है। प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक सांसद, विधायक और पूर्व मंत्री रेस में हैं। आलाकमान पार्टी में वैसे चेहरा को भी कमान दे सकता है जो आदिवासी क्षेत्र से हों और वर्तमान में सांसद या विधायक न हो। इससे वह पार्टी व संगठन पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। वहीं कांग्रेस कोटे के एक या दो मंत्री के हटने पर महिला विधायकों को मौका मिल सकेगा।