24hnbc
बकरी शेड निर्माण से बिसाईन के जीवन में आया बदलाव
छत्तीसगढ़/ रायपुर। महात्मा गांधी नरेगा योजना से बकरी शेड निर्माण होने से बकरी पालक श्रीमती बिसाईन के जीवन में बदलाव आया है। बकरी पालक श्रीमती बिसाईन कांकेर जिले के जनपद पंचायत चारामा अंतर्गत ग्राम पंचायत तारसगांव निवासी हैं। जो अपने परिवार के जीवन यापन के लिए बकरी पालन करती हैं लेकिन गरीबी और कम आय के कारण उनके पास बकरियों के रख-रखाव के लिए पक्का आवास नहीं था। बारिश में पानी के टपकने और ठंड के दिनों में बकरियों को होने वाली बीमारियों से हमेशा परेशान रहा करती थी वहीं अनेक बार बकरियों की होने वाली असामायिक मौत भी उनकी चिंता को बढ़ा देती थी। कच्चे आवास के कारण उन्हें बारिश में कच्चे आवास के गिरने और रात में बकरियों को जंगली जानवरों से बचाए रखने का भय है, हमेशा बना रहता था। बकरी शेड निर्माण होने से जहां श्रीमती बिसाईन अब निश्चिंत होकर अपना और अपने परिवार का जीवन यापन कर रही है। बिसाईन को ग्राम पंचायत तारसगांव में मनरेगा योजना का प्रचार-प्रसार से बकरी शेड, गाय शेड, मुर्गी शेड भी बनाए जाने की जानकारी मिली। उन्होंने बकरी शेड निर्माण के लिए आवेदन किया जो स्वीकृत कर लिया गया। मनरेगा योजना से पंचायत द्वारा हितग्राही का बकरी शेड निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया जिसमें हितग्राही को बनने वाले बकरी सेट निर्माण कार्य में मजदूरी का भी कार्य मिला। बकरी शेड निर्माण होने से बिसाईन की बकरियां अब जंगली जानवरों से सुरक्षित और बीमारियों से बची हुई है। उन्हें मनरेगा योजना अंतर्गत ऐसी ही योजना की आवश्यकता थी, जिससे श्रीमती बिसाईन का सपना साकार हुआ।


