24hnbc
गाँव का नाम सॉफ्टवेयर से गायब एक दाना धान नहीं बेच पा रहा किसान
- By 24hnbc --
- Sunday, 06 Dec, 2020
कोसमंदा। बलौदा ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसमन्दा के किसानों का नाम धान बिक्री के लिए बनाए गए साफ्टवेयर से ही गायब है। ऐसे में यहां के किसान 6 दिन बाद भी धान बेचने से वंचित हैं।ग्राम पंचायत कोसमंदा के धान खरीदी केन्द्र में अब तक एक दाना धान नहीं खरीदा जा सका, न ही यहां किसी किसान का टोकन जारी किया गया है। साफ्टवेयर में यहां के किसानों का नाम ही गायब है। ऐसे में उनका नाम रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है, जब साफ्टवेयर में नाम प्रदर्शित होगा तब इन्हीं किसानों का टोकन पहले काटा जाएगा। ज्ञात हो कि राज्य शासन के आदेशानुसार सभी धान खरीदी केंद्रों में 1 दिसम्बर से 31 जनवरी तक समितियों के माध्यम से धान की खरीदी की जाएगी। ग्राम पंचायत कोसमंदा का धान खरीदी, सेवा सहकारी समिति कमरीद पंजीयन क्रमांक 1109 के द्वारा उपकेंद्र कोसमंदा में वर्षों से खरीदा जा रहा था।इस वर्ष ग्राम पंचायत कोसमन्दा को अलग से धान खरीदी केंद्र बनाया गया व नजदीक के ग्राम बहेराडीह को भी साथ मे जोड़ा गया है, पर दोनों गांवों के किसानों का नाम साफ्टवेयर में नहीं दिखा रहा है। ऐसे में खरीदी केन्द्र पहुंचे किसानों का नाम रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। अब तक 500 किसानों ने अपना नाम दर्ज कर लिया है। इस संबंध में धान खरीदी केन्द्र कोसमंदा के केन्द्र प्रभारी भागवत साहू का कहना है कि कम्प्यूटर में कोसमंदा व बहेराडीह गांव का नाम नहीं दिखा रहा है।


