भाजयुमो की घोषणा बिलासपुर को किया दरकिनार
भाजपा के बड़े नेताओं ने बिलासपुर को थमाया ठेंगा
- By 24hnbc --
- Thursday, 29 Dec, 2022
24hnbc.com
समाचार -
बिलासपुर, 30 दिसंबर 2022। विधानसभा चुनाव में उतरने के पूर्व भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति हो गई है । 57 पदाधिकारियों की सूची में बिलासपुर की घोर उपेक्षा की गई, उसे नाम मात्र के 2 पद मिले हैं। पहला पद 40 वें नंबर पर अनमोल झा और 45 वे नंबर पर सुश्री गौरी गुप्ता का है ऐसा लगता है कि जिस जिले से भारतीय जनता पार्टी ने अपना प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया उसी जिले में उसे युवा मोर्चा के लिए कोई शक्ल ही पसंद नहीं आई। जानकार यह भी बताते हैं कि जिस कार्यकर्ता को शासकीय योजना स्वाध्याय मंडल प्रमुख का पद दिया गया है वह आयु के मापदंड पर खरा नहीं उतरता। 57 पदाधिकारियों की लिस्ट में मात्र 9 पद महिलाओं को मिले हैं ऐसे में नारी शक्ति के प्रति भाजपा के नेता क्या विचार रखते हैं स्पष्ट हो जाता है। इसके पूर्व जब कभी युवा मोर्चा का गठन होता था बिलासपुर का प्रतिनिधित्व वजन जारी के साथ होता था पर पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हवा के बावजूद जिले में भाजपा को जो सम्मान प्राप्त हुआ उसे अब नजरअंदाज किया जा रहा है, तभी तो युवा मोर्चा की सूची में बिलासपुर को एक महिला पदाधिकारी और एक युवा पदाधिकारी मिला। जो पद इन्हें मिला है उसका कोई महत्व भी नहीं है। मोर्चे की सूची में एक अध्यक्ष रवि भगत रायगढ़ से जिनके नेतृत्व में इस मोर्चे ने आकार लिया है। 6 उपाध्यक्ष, 2 प्रदेश महामंत्री, 6 प्रदेश मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष, 1 सहकोषाध्यक्ष, 1 प्रदेश कार्यालय मंत्री, 1सह कार्यालय मंत्री, 1 प्रचार प्रमुख, 3 सह प्रचार प्रमुख, 1 मीडिया प्रमुख, 2 मीडिया प्रमुख जैसे पद नामों वाली 57 पदाधिकारियों की यह सूची है । एक समय था जब भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बिलासपुर से होता था पर वह बीती बात है अब तो बिलासपुर के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को केवल कार्यकर्ता बनकर ही संतोष करना होगा। क्योंकि उनके जिले से प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बन गया है ऐसे में संपूर्ण समझौते दंडवत होकर पालन करना युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। कुछ कार्यकर्ता इस सूची को देखकर क्षुब्ध हैं और वह पार्टी अनुशासन के दायरे में अपनी बात रखने ऊपर तक जाने की बात कर रहे हैं।


