No icon

24hnbc

कवर्धा कांड के खिलाफ न्यायिक जांच व अन्य मांगों को लेकर बजरंग दल और विहिप का आज प्रदर्शन

24hnbc.com
समाचार - दुर्ग
दुर्ग। कवर्धा में भगवा ध्वज के अपमान और हिन्दुओं पर अत्याचार के खिलाफ विश्व हिन्दु परिषद व बजरंग दल 12 अक्टूबर को प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों में रैली निकालकर प्रदर्शन करेगी। आंदोलन के तहत दुर्ग जिला मुख्यालय में भी प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के लिए विहिप व बजरंग दल के कार्यकत्र्ता दोपहर 12 बजे मानस भवन पंडित रविशंकर स्टेडियम के पास जुटेंगे और सभा उपरांत रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। जहां कवर्धा कांड की न्यायिक जांच करवाने, दुर्गेश की पिटाई करने वालों के खिलाफ एफआईआर, जेल में बंद हिन्दू समाज के लोगों की नि:शर्त रिहाई व प्रकरण की वापसी, कवर्धा कलेक्टर, एसपी, थानेदार, नायब तहसीलदार के निलंबन, छत्तीसगढ़ में फर्जी तरीके से निवासरत 6 लाख लोगों को प्रदेश से बाहर भेजने, ऐतिहासिक भोजली तालाब को कब्जामुक्त करने, मंत्री को बर्खास्त कर विधानसभा की सदस्यता खत्म करने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा, साथ ही जिला प्रशासन को चेतावनी दी जाएगी कि अगर जल्द मांगे पूरी नहीं की गई तो मंत्री के खिलाफ अभियान, दशहरा के दिन कवर्धा के सभी गांवों में रावण के स्थान पर मंत्री का पुतला दहन, जेल भरों आंदोलन एवं अन्य प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। यह बातें बजरंग दल के प्रांत संयोजक रतन यादव और विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत अध्यक्ष संतोष गोलछा ने
सोमवार को मीडिया से संयुक्त चर्चा में कही। इस दौरान राजेन्द्र पाध्ये, राकेश शिंदे, कमल साव, अपूर्व सिंह, विजय लक्ष्मी मौजूद थी।
चर्चा में यादव व गोलछा ने कहा कि कवर्धा में भगवा ध्वज का अपमान और हिन्दुओं पर अत्याचार दुर्भाग्यजनक घटना है। बजरंग दल व विहिप ऐसी घटनाओं को हरगिज बर्दाश्त नहीं करेगा। जिसका हर मोर्चे पर विरोध किया जाएगा। जिसके लिए बजरंग दल व विहिप ने वृहद रणनीति बनाई है। जिसके प्रथम चरण में प्रदर्शन व रैली का कार्यक्रम प्रदेश नेतृत्व ने तय किया है। प्रदर्शन-रैली में बड़ी संख्या में कार्यकता शामिल होंगे।