24HNBC
अमेरिका की दादागिरी और बेचारा विश्व गुरु
- By 24hnbc --
- Sunday, 11 Apr, 2021
24HNBC पंचतंत्र की एक कथा के मुताबिक चमगादड़ ने ज्यादा होशियारी दिखाते हुए जानवरों के समूह में खुद को जानवर बताया और पक्षियों के समूह में खुद को पक्षी साबित किया। फिर जब जानवरों और पक्षियों के बीच संघर्ष हुआ तो चमगादड़ कभी इधर जाए तो कभी उधर जाए। इसका नतीजा यह हुआ है कि वह कहीं का नहीं है। तभी से कहते हैं कि वह दिन में नहीं निकलता है, सूरज ढलने के बाद ही बाहर निकलता है। भाजपा के सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी के मुताबिक केंद्री की नरेंद्र मोदी सरकार की यही स्थिति हो गई है। उन्होंने अमेरिकी नौसेना के भारतीय समुद्री सीमा में बिना बताए घुसने और अभ्यास करने की खबर को ट्विट करके कहा कि मोदी सरकार की स्थिति पंचतंत्र के चमगादड़ जैसी हो गई है। गौरतलब है कि पिछले दिनों अमेरिकी नौसेना का सातवां बेड़ा भारत की समुद्री सीमा में घुसा। अमेरिका ने इसके लिए भारत को न तो पूर्व सूचना दी और न पहले से मंजूरी ली। उलटे जब राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मीडिया में यह बात आ गई तो अमेरिका ने दो टूक कहा कि उसे भारत से मंजूरी लेने की जरूरत नहीं है।पहले अमेरिकी नौसेना ने यह बात कही और उसके बाद जो बाइडेन प्रशासन ने भी यही बात दोहराई। दुनिया के देशों द्वारा समुद्री सीमा में अत्यधिक दावेदारी को चुनौती देने के लिए अमेरिकी नौसेना अलग अलग देशों की समुद्री सीमा में जा रही है। पिछले दिनों उसने क्वाड के दूसरे सहयोगी जापान की सीमा में भी अभ्यास किया और चीन की सीमा में भी किया। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि चीन को लेकर अमेरिका ने जो जवाब दिया, उसके मुकाबले भारत को दिया गया जवाब ज्यादा सख्त था और भारत को हैसियत दिखाने वाला था।


