24HNBC
अपने ही माइंड गेम में फसते अमित शाह
- By 24hnbc --
- Thursday, 08 Apr, 2021
24HNBC पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण के मतदान में क्या भाजपा को पहले से कम सीटें आ रही हैं? अमित शाह की भविष्यवाणी से तो कम से कम ऐसा ही लग रहा है। चूंकि चुनाव आयोग ने एक्जिट पोल पर रोक लगा रखी है इसलिए बंगाल के चुनाव नतीजों के बारे में समझने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भविष्यवाणी ही एकमात्र सहारा है। उन्होंने तीसरे चरण के मतदान के बाद भविष्यवाणी करते हुए बताया कि तीन चरण की 90 सीटों में से भाजपा को 63 से 68 सीट मिल सकती है। सोचें, उनको किसी प्रशांत किशोर जैसे चुनाव रणनीतिकार की क्या जरूरत है, जब वे खुद हर चरण के बाद इतनी बारीकी से सीटों की संख्या बता रहे हैं!बहरहाल, पहले चरण की 30 सीटों के बाद उन्होंने कहा था कि भाजपा 26 सीट जीतेगी। दूसरे चरण में 30 सीटों के मतदान के बाद कहा कि 24 सीट जीतेगी, भाजपा। इस तरह पहले दो चरण की 60 सीटों में से उन्होंने भाजपा के 50 सीट जीतने की भविष्यवाणी की। लेकिन तीसरे चरण के बाद आंकड़ा 63 से 68 का रहा। इसका मतलब है कि अमित शाह की नजर में तीसरे चरण में भाजपा की स्थिति पहले पहले जैसी नहीं रही। पहले दो चरण में 30 में से 24 से 26 सीट जीत रहे तो तीसरे चरण की 30 सीट में से 13 से 18 जीतने का दावा कर रहे हैं।


