No icon

ग्राम पंचायत चैतमा में विकास सिर्फ कागजों में

पंचायत बदली, सरपंच बदले, सचिव बदले, पर चौराहे का हाल नहीं बदला - जलभराव और बदबू से बीमारी का खतरा आज भी बना हुआ

24hnbc.com
कोरबा / पाली, 28 नवंबर 2026।
सरकार हर साल ग्राम पंचायतों को मूलभूत सुविधाओं के लिए लाखों रुपये भेज रही है। पंद्रहवें वित्त आयोग से लेकर अन्य योजनाओं तक, विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं है। फिर भी पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत चैतमा के आश्रित केवंट मोहल्ला का मंच स्थित चौराहा आज भी विकास की बाट जोह रहा है। यहां की सड़क और नाली वर्षों से जर्जर हालत में है।
 
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, इस मोहल्ले में कई पंचवर्षीय बीत गए। सरपंच बदले, जनप्रतिनिधि बदले, सचिव भी नियमानुसार बदलते रहे, लेकिन केवंट मोहल्ला के चौराहे की तस्वीर नहीं बदली। आज भी यहां कच्ची सड़क और खुली, टूटी-फूटी नाली ही लोगों की नियति बनी हुई है।
 
*तस्वीरें खुद बयां कर रही हैं हकीकत*
 
मौके की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि मंच के सामने वाली सड़क पर गंदा पानी भरा हुआ है। नाली का पानी सड़क पर फैलकर कीचड़ में बदल गया है। आने-जाने वाले लोगों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। टंकी के पास भी पानी का जमाव और गंदगी साफ दिखाई दे रही है।
 
*आना-जाना हुआ मुश्किल*
 
स्थानीय लोगों और बाजार में व्यापार व खरीदी के लिए आने-जाने वाले लोगों का कहना है कि इस रास्ते से आते-जाते कई वर्ष गुजर गए, लेकिन आज तक चौराहे की नाली और सड़क की पक्की मरम्मत नहीं हो सकी।
 
मिली जानकारी के अनुसार, बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। नाली का गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। कीचड़, जलभराव और बदबू के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
 
*बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा*
 
सबसे चिंता की बात बच्चों को लेकर है। मोहल्ले के छोटे-छोटे बच्चे अक्सर गली-मोहल्ले में खेलते हैं। जानकारी के अनुसार, वे इसी नाली भरे कच्चे रास्ते से खेलते हुए गुजरते हैं। गंदे पानी और बदबू के संपर्क में रहने से बच्चों में विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा हमेशा बना रहता है।
 
*जमीनी हकीकत कुछ और बयां करती है*
 
सरकार की ओर से सुविधाओं में कोई कमी नहीं की गई है, लेकिन धरातल की हकीकत कुछ और ही कहानी बयां करती है। सवाल यह उठता है कि जब हर साल पंचायत को राशि मिल रही है, तो फिर इस मोहल्ले की सड़क और नाली का निर्माण क्यों नहीं हो सका? क्या यह लापरवाही है या फिर भ्रष्टाचार का एक हिस्सा?
 
*यह खबर किसी के विरुद्ध नहीं, ध्यानाकर्षण के लिए है*
 
यह समाचार किसी भी जन सेवक या जन प्रतिनिधि के विरुद्ध नहीं लिखा जा रहा है। इसका उद्देश्य सिर्फ प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करना है, ताकि कई वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी इस मोहल्ले की मूलभूत व्यवस्था में सुधार हो सके।