24hnbc
उड़द के स्थान पर मिर्च की खेती दिल्ली तक मांग
कोंडगांव। मक्का की खेती के मामले में प्रदेश में अव्वल रहे कोंडगांव के किसान अब मक्का की खेती छोड़कर हरी मिर्च से लाल होने लगे हैं। मक्का के खेतों में इन दिनों हरी मिर्च की फसल लहलहा रही है। यहां से मिर्च नई दिल्ली की आजाद मंडी तक भेजी जा रही है। मिर्च की खेती का सौदा मुनाफे का है। इसकी डिमांड भी जमकर है। फसल चक्र परिवर्तन की वजह से मिर्च की खेती इन दिनों मुफीद लगने लगी है। कोंडागांव जिलेे में जगह-जगह मिर्च के खेत दिखने लगे हैं।यह वह इलाका है जो मक्का के उत्पादन के लिए जाना जाता रहा। सरकार ने यहां सहकारिता के आधार पर 105 करोड़ की लागत से मक्का प्रोसेसिंग प्लांट लगाने का फैसला लिया है। अभी प्लांट की सिर्फ बाउंड्रीवॉल बनी है। इस बीच तेजी से मक्का किसानों की रूचि बदल रही है। मिर्च की खेती करने वाले किसानों की तादाद साल दर साल बढ़ रही है। मक्का व उड़द की पारंपरिक फसलों से ज्यादा मिर्च की खेती किसानों को मुफीद लग रही है। 2019 में एक हजार हेक्टेयर में मिर्च की खेती हुई थी। इस साल मिर्च के रकबे में 250 से 300 हेक्टेयर की वृद्धि संभावित है। मक्का हब कहे जाने वाले सातगांव, लंजोड़ा, फरसगांव, गिरोला, दूधगांव आदि गांवों में अब मिर्च की खेती की जा रही है।