24hnbc
औद्योगिक सुरक्षा का आदर्श वाक्य है सुरक्षा हटी दुर्घटना घटी पर यहां तो सुरक्षा का दूर-दूर तक नहीं है निशान
24hnbc.com
बिलासपुर, 12 नवंबर 2026।
औद्योगिक सुरक्षा को लेकर एक बड़ा नारा दिया जाता है "सुरक्षा हटी, दुर्घटना घटी।"लेकिन आगर-मालवा के औद्योगिक और खनन क्षेत्रों में जमीनी हकीकत इस नारे से बिल्कुल उल्टी नजर आती है। यहां सुरक्षा का दूर-दूर तक कोई निशान नहीं दिखता।
फैक्ट्रियों और खदानों में काम कर रहे मजदूर बिना हेलमेट, बिना सेफ्टी बेल्ट, बिना ग्लव्स और बिना मास्क के काम करते नजर आते हैं। भारी मशीनें बिना सेफ्टी गार्ड के चल रही हैं। कहीं फायर एक्सटिंग्विशर खाली पड़ा है तो कहीं इमरजेंसी एग्जिट ही नहीं है।
मजदूर बोले शिकायत करें तो काम से निकाल देंगे नाम न छापने की शर्त पर एक मजदूर ने बताया, "साहब हमें सेफ्टी का सामान मिलता ही नहीं। मांगो तो कहते हैं काम करना है तो करो, नहीं तो जाओ। पेट के लिए जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ता है।
वहीं एक अन्य मजदूर ने कहा, "यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मशीनों की कोई जांच नहीं होती। मालिक सिर्फ उत्पादन देखते हैं, हमारी जान की कोई कीमत नहीं।"
प्रशासन की चुप्पी पर सबसे बड़ा सवाल यह है कि फैक्ट्री इंस्पेक्टर और संबंधित विभाग की जांच आखिर कहां है? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? नियमों के अनुसार हर औद्योगिक इकाई में सुरक्षा अधिकारी, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था और नियमित सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य है, लेकिन यहां कागजों में ही सब कुछ चल रहा है।
सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि सुरक्षा में लापरवाही सिर्फ मजदूरों की जान के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे उद्योग के लिए खतरनाक है। एक छोटी सी चूक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
24 HNBC की अपील
24 HNBC प्रशासन से मांग करता है कि सभी औद्योगिक इकाइयों और खदानों की तत्काल सुरक्षा जांच कराई जाए, दोषी इकाइयों पर सख्त कार्रवाई हो और मजदूरों को सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं। क्योंकि एक बात तय है जब तक सुरक्षा नहीं, तब तक कोई भी विकास अधूरा है।

