24hnbc
कमिश्नर के निर्देश के बाद मात्र चार गाड़ी पर कार्यवाही बे खौफ जारी ओवरलोडिंग
अंबिकापुर सरगुजा संभाग में सड़कों की स्थिति ठीक नहीं है।राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माणाधीन है। स्टेट हाइवे बारिश में क्षतिग्रस्त हो चुकी है। अभी मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है, ऐसी स्थिति में ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन से होने वाली परेशानियों को देखते हुए सरगुजा कमिश्नर जिनेविवा किंडो ने पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी की उपस्थिति में आयोजित बैठक में ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया था। संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर-एसपी की उपस्थिति में आयोजित बैठक में जारी निर्देशों की सच्चाई यह है कि सूरजपुर जिले में ओवरलोड परिवहन के खिलाफ सिर्फ चार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई जबकि बैठक के दस दिन बाद बलरामपुर-सरगुजा के कलेक्टर ने एसडीएम और परिवहन अधिकारियों के लिए नया निर्देश जारी कर ओवरलोड के खिलाफ कार्रवाई करने कहा है। सड़कों के रखरखाव और नियमों के तहत परिवहन को लेकर लिए गए निर्णय के परिपालन में लापरवाही बरती जा रही है।खस्ताहाल सड़कों पर ओवरलोड परिवहन धड़ल्ले से जारी है। गौण खनिजों का अवैध परिवहन भी किया जा रहा है सूरजपुर जिले में बैठक के अगले दिन ही ओवरलोड के खिलाफ जांच हुई। सिर्फ चार वाहनों की जब्ती कर अभियान बंद कर दिया गया। सरगुजा व बलरामपुर जिले में दस दिनों तक जिम्मेदारी ही तय नहीं की गई। उसके बाद दोनों जिलों के कलेक्टर ने एसडीएम की अगुवाई में कार्रवाई के लिए जिम्मेदारी तय की लेकिन जांच, कार्रवाई की शुरुआत नहीं की गई है। आज भी बाक्साइट, कोयला और क्लिंकर का ओवरलोड परिवहन जारी है।