कांग्रेस ने पूछा - क्या सोने का रावण बनाएगा निगम?
साइंस कॉलेज मैदान में 20 लाख के रावण दहन टेंडर पर सियासी घमासान
- By 24hnbc --
- Saturday, 03 Oct, 2026
24hnbc.com
बिलासपुर, 3 अक्टूबर 2026।
साइंस कॉलेज मैदान में रावण दहन के लिए नगर निगम द्वारा जारी की गई लगभग 20 लाख रुपए की निविदा अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने भाजपा शासित नगर निगम पर त्योहार के सरकारीकरण और टेंडर के नाम पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है। कहा कि जब महापौर पूजा विधानी खुद इस आयोजन की जानकारी नहीं होने की बात कह रही हैं, तो यह 20 लाख रुपए की निविदा किसके निर्देश पर और किस प्रस्ताव के आधार पर जारी की गई? यदि आयोजन का प्रस्ताव एमआईसी में पारित हुआ है, तो महापौर को इसकी जानकारी क्यों नहीं है? यह अपने आप में बड़े भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने परंपरा का हवाला देते हुए कहा कि साइंस कॉलेज मैदान में वर्षों से स्थानीय समिति द्वारा रावण दहन का आयोजन किया जाता रहा है। वहीं नगर निगम पहले से ही पुलिस ग्राउंड में दशहरा उत्सव और रावण दहन का आयोजन करता है। ऐसे में एक ही शहर में दूसरा सरकारी रावण दहन कराने की आवश्यकता ही क्या है?
इस पूरे टेंडर पर सबसे बड़ा सवाल खर्च को लेकर है। कांग्रेस ने दावा किया है कि यह पूरा आयोजन अधिकतम 3.50 लाख रुपए में आसानी से हो सकता है। निविदा में सिर्फ रावण के पुतले के लिए 6 लाख रुपए का प्रावधान किए जाने पर कांग्रेस ने तीखा तंज कसा है। मिश्रा ने कहा, "6 लाख में रावण का पुतला... क्या निगम सोने का रावण बनाकर जलाने जा रहा है? यह जनता के पैसे की खुली बर्बादी है।"
कांग्रेस ने चुनौती देते हुए कहा है कि यदि निगम चाहे तो कांग्रेस सहयोग से इस पूरे आयोजन का खर्च उठाने को तैयार है। निगम को यह 20 लाख रुपए बचाकर शहर के जनहित के कामों - सड़क, नाली, पानी और सफाई में लगाना चाहिए, न कि त्योहार के नाम पर टेंडरबाजी करनी चाहिए।

