निगरानी बदमाश थाने की सूची में, फिर भी पुलिस संवाद ग्रुप में मौजूदगी कैसे?
महिला प्राचार्य से अभद्रता का मामला, निगरानी बदमाश पर कार्रवाई में देरी से उठे सवाल
- By 24hnbc --
- Friday, 20 Nov, 2026
24hnbc.com
बलौदाबाजार, 21 नवंबर 2026 ।
शासकीय स्कूल की महिला प्रभारी प्राचार्य के कार्यालय में जबरन प्रवेश कर अभद्रता, नारेबाजी, वीडियो बनाने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के गंभीर आरोपों से घिरे निगरानी बदमाश आशीष शुक्ला के मामले में पुलिस की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है। महिला प्राचार्य वंदनीय श्रीवास्तव द्वारा सिटी कोतवाली में शिकायत प्रस्तुत कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग किए जाने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि संबंधित व्यक्ति की तस्वीर थाने में निगरानी गुंडा-बदमाश के रूप में लगी होने और पुलिस संवाद के वाट्सएप ग्रुप में उसकी मौजूदगी की जानकारी सामने आने के बाद भी पुलिस की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
17 सितंबर की घटना, महिला प्राचार्य ने लगाए गंभीर आरोप
महिला प्राचार्य की शिकायत के अनुसार 17 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे शासकीय विद्यालय में सेवा संकल्प कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान आशीष शुक्ला, दीपेंद्र शुक्ला एवं उनके साथियों ने कथित रूप से प्राचार्य कक्ष में जबरन प्रवेश किया। प्राचार्य द्वारा कार्यालय से बाहर जाने और नाबालिग छात्र-छात्राओं की निजता एवं सुरक्षा का ध्यान रखने की बात कहने के बावजूद वीडियो बनाने और नारेबाजी किए जाने का आरोप है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि वीडियो बनाने से रोकने पर प्राचार्य का हाथ झटक दिया गया तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात भी सामने आई थी। महिला प्राचार्य ने संबंधित लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर कार्रवाई करने और कार्यस्थल पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी।
पुलिस रिकॉर्ड में निगरानी बदमाश, फिर संवाद ग्रुप में कैसे मौजूदगी?
मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू आशीष शुक्ला की पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज स्थिति है। प्राचार्य की शिकायत में उसे पुलिस की निगरानी गुंडा-बदमाश सूची में शामिल बताया गया है। आवेदन में उल्लेख है कि उसके विरुद्ध पूर्व में 7 नवंबर 2025 और 19 अगस्त 2026 को जिला प्रशासन को इस्तगासा भेजे जाने का भी जिक्र है। साथ ही पुलिस रिकॉर्ड के हवाले से 6 नवंबर 2025 तक उसके विरुद्ध चार अपराध दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
ऐसे में सवाल उठता है कि निगरानी सूची में दर्ज व्यक्ति की गतिविधियों पर पुलिस किस प्रकार नजर रख रही है? उसकी तस्वीर थाने में लगी होने के बावजूद पुलिस संवाद वाट्सएप ग्रुप में उसकी मौजूदगी किस आधार पर है? पुलिसकर्मियों के साथ उसकी कथित नजदीकियों और उठने-बैठने को लेकर भी चर्चा है। हालांकि इन आरोपों और दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन इनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
महिला अधिकारी की शिकायत पर कार्रवाई में देरी क्यों?
एक महिला शासकीय अधिकारी द्वारा अपने ही कार्यस्थल पर असुरक्षित महसूस करते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगना गंभीर विषय है। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल एक महिला प्राचार्य के सम्मान और सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि शासकीय संस्थानों की गरिमा, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था से भी जुड़ा है। ऐसे मामलों में पुलिस की जिम्मेदारी है कि उपलब्ध वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करे।
उच्चस्तरीय जांच की उठ रही मांग
अब इस पूरे प्रकरण में केवल महिला प्राचार्य की शिकायत की जांच ही नहीं, बल्कि संबंधित व्यक्ति की निगरानी हिस्ट्री, पूर्व में भेजे गए इस्तगासा पर हुई कार्रवाई, पुलिस संवाद ग्रुप में उसकी मौजूदगी तथा संबंधित पुलिसकर्मियों से कथित नजदीकियों की भी जांच किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। महिला प्राचार्य की शिकायत पर अब तक पुलिस ने क्या कार्रवाई की और उन्हें सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए, यह भी सार्वजनिक होना चाहिए।
सवाल यह है कि जब किसी व्यक्ति की निगरानी बदमाश के रूप में पहचान पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है और एक महिला शासकीय अधिकारी ने गंभीर आरोपों के साथ शिकायत प्रस्तुत की है, तो कार्रवाई में देरी क्यों? क्या पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है या फिर शिकायत के निराकरण का इंतजार ही किया जा रहा है?

