No icon

NH 130 पर जानलेवा सफर

भोजपुरी टोल से नांदघाट तक मवेशियों का कब्ज़ा, मदवानी मोड़ के 'जंप' से रोज़ गिर रहे बाइक सवार

24hnbc.com
मुंगेली/बिलासपुर , 11 अगस्त 2026। 
रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे NH-130 पर सफर करना अब आम लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं रहा। भोजपुरी टोल प्लाजा से नांदघाट तक लगभग पूरे पैच पर आवारा मवेशियों का कब्ज़ा है। ऊपर से जर्जर सड़क और बंद लाइटों ने इस हाईवे को मौत का कॉरिडोर बना दिया है। सबसे ज़्यादा मार मोटरसाइकिल और कार सवारों को झेलनी पड़ रही है।
मदवानी मोड़ बना हादसों का केंद्र बैतलपुर के पास स्थित मदवानी मोड़ पर हाईवे की सड़क जगह-जगह उखड़ गई है। मरम्मत न होने से यहां एक बड़ा 'जंप' बन गया है। तेज़ रफ्तार से आने वाले वाहन चालक इसे समय पर नहीं देख पाते। नतीजा, बाइक सवार अचानक उछलकर सड़क पर गिर जा रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में इस एक मोड़ पर दर्जनों बाइक सवार घायल हो चुके हैं। कई लोगों के हाथ-पैर टूटे हैं। इसके बावजूद NHAI और संबंधित विभाग इस जंप को ठीक करने की सुध नहीं ले रहे।
 
अंधेरे में सफर ख़ौफ़ दिन में मवेशी और गड्ढे परेशान करते हैं तो रात और भी खतरनाक है। भोजपुरी टोल से नांदघाट तक लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले लंबे समय से बंद पड़ी हैं। रात के अंधेरे में न तो सड़क का जंप दिखता है और न ही बीच सड़क पर बैठे मवेशी। तेज़ रफ्तार वाहन अचानक उनके सामने आ जाते हैं और टक्कर हो जाती है। कई बार तो बाइक सवारों को जानवरों को बचाने के चक्कर में खुद गिरना पड़ रहा है।
पेट्रोलिंग टीम परेशान, NHAI नदारद हादसों को रोकने के लिए पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम दिन-रात मवेशियों को भगाने में लगी है। लेकिन टीम के जवानों का कहना है कि मवेशियों को भगाओ तो वे थोड़ी देर बाद फिर सड़क पर आ जाते हैं। स्थायी समाधान के लिए NHAI को मवेशी पकड़ने और सड़क सुधारने का काम करना चाहिए।
लेकिन शिकायत के बाद भी NHAI की पेट्रोलिंग टीम मौके पर न के बराबर दिखती है। सड़क की मरम्मत, साइनेज और बैरिकेडिंग के नाम पर कुछ नहीं हो रहा।
टोल वसूली जारी, सुविधा नहीं के बराबर सबसे बड़ा सवाल टोल को लेकर है। भोजपुरी टोल पर रोज़ लाखों रुपये वसूले जा रहे हैं। लेकिन टोल देने के बदले यात्रियों को सुरक्षित सड़क, रोशनी और सुरक्षा नहीं मिल रही। मदवानी मोड़ का जंप जस का तस है। लाइटें बंद हैं।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत, लाइटों की मरम्मत और मवेशियों को हटाने की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो NH130 पर कोई बड़ा हादसा तय है। प्रशासन से मांग है कि NHAI पर तत्काल दबाव बनाकर इस पूरे पैच को दुरुस्त कराया जाए, वरना हर दिन किसी न किसी की जान जाएगी।