बिलासपुर पुलिस ने किया झपटमार गैंग का पर्दाफाश ...
बिलासपुर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष का मोबाइल चोर पकड़ाया
- By 24hnbc --
- Sunday, 26 Jul, 2026
24hnbc.com
बिलासपुर, 27 जुलाई 2026।
शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित नवभारत के पत्रकार और बिलासपुर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष से रात के अंधेरे में बीच सड़क में मोबाइल झपट कर भागने वाले गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। तारबाहर थाना और ACCU की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी और दो किशोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लूटा गया महंगा मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल सफेद एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।
घटना 13 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे की है। लिंगियाडीह निवासी, नवभारत के पत्रकार किशोर कुमार सिंह जिला अस्पताल के सामने मेन रोड से मोबाइल पर बात करते हुए पैदल घर लौट रहे थे। तभी सफेद एक्टिवा पर सवार बदमाश पीछे से आए और उनके हाथ से वन प्लस मोबाइल झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद तारबाहर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी कि बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए एक्टिवा की नंबर प्लेट ढंक रखी थी। लेकिन ACCU और तारबाहर पुलिस ने शहरभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रेस किया और आखिरकार आरोपियों तक पहुंच गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 साल के अविनाश कामले उर्फ जादू अटल आवास पारा, सरकंडा के रूप में हुई है। उसके साथ दो विधि से संघर्षरत किशोरों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 25 हजार रुपये कीमत का वन प्लस मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल सफेद एक्टिवा बरामद की गई है।पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र अनंत, ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
अब सवाल उन लोगों के लिए भी है जो सुनसान सड़कों पर मोबाइल पर बात करते हुए चलते हैं। पुलिस ने एक बार फिर सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि झपटमार गिरोह मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देने से नहीं चूकते। वही वरिष्ठ पत्रकार किशोर सिंह ने पुलिस के प्रति आभार जताते हुए पुलिस की टीम को इस कार्यवाही के लिए बधाई प्रेषित की है ।


