No icon

24hnbc

जीएसटी कनेक्शन तोड़ा रिकॉर्ड, भारतीय अर्थव्यवस्था अब पटरी पर

नई दिल्ली( 24 एच एन बी सी)। भारतीय अर्थव्यवस्था अब पटरी पर नजर आ रही है। जी.एस.टी. (GST) कलैक्शन लगातार तीसरे महीने एक लाख करोड़ रुपए से पार रहा। वित्त मंत्रालय के जारी आंकड़ों के मुताबिक दिसम्बर 2020 में जी.एस.टी. कलैक्शन 1,15,174 करोड़ रुपए रहा। गुड्स एंड सर्विस टैक्स संग्रह का आंकड़ा अक्तूबर में 1.05 लाख करोड़ रुपए रहा था। फरवरी के बाद पहली बार जी.एस.टी. संग्रह का आंकड़ा अक्तूबर में 1 लाख करोड़ रुपए के पार गया और नवम्बर में लगातार दूसरे महीने यह आंकड़ा 1 लाख करोड़ के पार रहा। वहीं दिसम्बर में भी यह आंकड़ा 1 लाख करोड़ के पार रहा।वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दिसम्बर 2020 में सकल जी.एस.टी. राजस्व 1,15,174 करोड़ रुपए रहा और जी.एस.टी. लागू होने के बाद किसी भी महीने के मुकाबले यह सबसे अधिक है। बयान में कहा गया कि यह पिछले 21 महीनों में सबसे अधिक मासिक राजस्व वृद्धि है। नवम्बर से 31 दिसम्बर तक कुल 87 लाख जी.एस.टी.आर.-3बी रिटर्न दाखिल किए गए।

 

आयातित वस्तुओं से राजस्व 27 प्रतिशत बढ़ा

समीक्षाधीन महीने में आयातित वस्तुओं से राजस्व 27 प्रतिशत बढ़ा और घरेलू लेन-देन (आयात सेवाओं सहित) से राजस्व इससे पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 8 प्रतिशत अधिक रहा। जी.एस.टी. राजस्व में सुधार के हालिया रुझानों के अनुरूप राजस्व संग्रह ने लगातार तीसरे महीने एक लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार किया। दिसम्बर 2020 में कुल राजस्व संग्रह दिसम्बर 2019 के मुकाबले 12 प्रतिशत अधिक था।

 

दिसम्बर में केन्द्रीय जी.एस.टी. संग्रह 21,365 करोड़ रुपए, राज्य जी.एस.टी. संग्रह 27,804 करोड़ रुपए, एकीकृत जी.एस.टी. 57,426 करोड़ रुपए (वस्तुओं के आयात पर एकत्र 27,050 करोड़ रुपए सहित) और उपकर 8,550 करोड़ रुपए (आयात पर एकत्र 971 करोड़ रुपए सहित) रहा।

 

अक्तूबर महीने की तुलना में आई मामूली गिरावट

सरकार का जी.एस.टी. संग्रह नवम्बर में 1.04 लाख करोड़ रुपए रहा है। हालांकि अक्तूबर की तुलना में जी.एस.टी. राजस्व का आंकड़ा मामूली घटा है। अक्तूूबर में यह 1.05 लाख करोड़ रुपए रहा था। नवम्बर में जी.एस.टी. संग्रह पिछले साल के समान महीने से 1.4 प्रतिशत अधिक है। नवम्बर, 2019 में जी.एस.टी. संग्रह 1,03,491 करोड़ रुपए रहा था।

 

ऑटो बिक्री में अच्छी तेजी

बता दें कि ऑटो निर्माताओं के लिए 2020 जाते-जाते अच्छा कर गया। दिसम्बर महीने में ऑटो बिक्री में अच्छी तेजी रही है। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कम्पनी मारुति सुजुकी के साथ कुछ कम्पनियों ने अच्छी बिक्री की है। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने दिसंबर 2020 में 1,60,226 यूनिट्स की बिक्री की। देश के सबसे बड़े वाहन निर्माता ने एक बयान में कहा कि यह पिछले साल के इसी महीने में बेची गई 1,33,296 यूनिट्स से 20.2 प्रतिशत अधिक है। घरेलू बिक्री 19.5 प्रतिशत बढ़कर 1,50,288 यूनिट्स और निर्यात 31.4 प्रतिशत बढ़कर 9,938 यूनिट्स पर पहुंच गया। मारुति सुजुकी ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्तूूबर से दिसम्बर) में 4,95,897 यूनिट्स की बिक्री की। इसमें 13.4 प्रतिशत की ग्रोथ रही।