खदान के विरुद्ध लामबंद हुए ग्रामीण
- By 24hnbc --
- Sunday, 24 Jan, 2021
24HNBC नारायणपुर ।अमदई खदान के विरोध में ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। अबूझमाड़ से बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों द्वारा रविवार सुबह पांच बजे से छोटेडोंगर में चक्काजाम कर विरोध जताया गया, जिसकी वजह से ओरछा से नारायणपुर आने वाली यात्री बस छोटेडोंगर में खड़ी हो गई। वहीं सड़कों के दोनों ओर मार्ग बंद होने से कई वाहनों के पहिये थम गए है। हजारों की संख्या में मौजूद ग्रामीणों के द्वारा अमदई खदान का लीज निरस्त कर निर्माण कार्य बंद कराने की मांग करते जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों का समूह दोपहर के बाद से पैदल चलकर नारायणपुर आ रहा है, जिसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल है। ग्रामीणों के द्वारा नए थाना एवं कैंपो का विरोध कर अंदरूनी इलाकों में पुलिस के सर्च अभियान को बंद करने की मांग करते जेल भेजे गए ग्रामीणों की रिहाई कीमांग की जा रही है। ग्रामीणों के आंदोलन को देखकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मालूम हो कि ग्रामीणों के द्वारा धौड़ाई में पांच दिनों तक चक्काजाम करने के बाद कलेक्टर की समझाइश पर जिला प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था। कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसपी मोहित गर्ग के द्वारा ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने की बात कहते चक्काजाम खुलवा दिया था। आदिवासी नेता अरविंद नेताम, सामाजिक कार्यकर्ता सोनी सोढ़ी समेत कई आदिवासी नेताओं के द्वारा भी सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों के समर्थन में खड़े होकर निकों कंपनी का विरोध जताया गया है।


