No icon

प्लांट की धीमी गति मक्का किसानो में हताशा

 

 

24HNBC- कोंडागांव। राज्य सरकार द्वारा जिले में मक्का उद्योग की बेहतर संभावनाओं को तलाशते हुए उत्पादक किसानों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से छह फरवरी 2019 को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा ग्राम कोकोड़ी में लगभग 300 मेट्रिक टन क्षमता का 136.62 करोड़ की लागत से मक्का प्रोसेसिंग प्लांट की आधारशिला रखी गई। लगभग डेढ़ वर्ष की अवधि में निर्माण पूर्ण होना था पर बाजार में मक्का का रेट लगातार नीचे जाने की वजह से इसके निर्माण में रुचि नहीं दिखाई जा रही है और निर्माण कार्य जारी रखने के लिए वित्तीय सहयोग नहीं मिल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लांट निर्माण में आर्थिक दिक्कतें आ रही थी, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये का कर्ज प्रक्रिया अंतिम चरण में है पर मंजूरी नहीं मिल रही है। प्लांट निर्माण स्थल में बायलर का कार्य रिस्टोर धमतरी व प्लांट मशीनरी का कार्य एनएफसीडी द्वारा कराया जा रहा है।मां दंतेश्वरी मक्का सहकारी समिति में जिले के मक्का उत्पादक 48 हजार किसान शेयर धारक है, जिन्होंने लगभग छह करोड़ 80 लाख रुपये का निवेश किया है। समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी न होने से कंपनी के शेयर धारक किसानों में नाराजगी छाने लगी है। जिले में 9597 किसानों ने मक्का बेचने के लिए समितियों में पंजीयन कराया था जिनका रकबा 4356.80 हेक्टेयर है। अभी तक किसी भी खरीदी केंद्र में किसानों का एक दाना भी मक्का नहीं खरीदा गया है। 2019 में प्लांट की आधारशिला रखी गई थी तब मक्का का भाव किसानों को बाजार में 1700 से 1800 रूपये प्रति क्विंटल तक मिल रहा था और जिले में मक्का का रकबा बढ़ा चढ़ाकर 65 हजार हेक्टेयर बताया गया था पर कृषि विभाग के अनुसार इसका वास्तविक रकबा जिले में 32 हजार हेक्टेयर ही है वह भी पिछले दो साल से बाजार में मक्का का दाम बाजार में 1200-1300 रुपये क्विंटल से अधिक न होने से लगातार घट रहा है क्योंकि किसानों को प्रति क्विंटल लागत 1250 रुपये क्विंटल पड़ रही है।