खनिज से भरपूर रीवा फिर भी झेलता है पलायन का दँश
- By 24hnbc --
- Monday, 11 Jan, 2021
24HNBC- रीवा। विंध्य पर्वत माला पर स्थित रीवा जिला खनिज सम्पदाओं से परिपूर्ण है। यहां प्रतिदिन हजारों टन खनिज का उत्खनन भी होता है। बावजूद इसके रीवा के प्रमुख उद्योग में शामिल सीमेंट उद्योग कंपनियों में स्थानीय लोगों को रोजगार न के बराबर मिलता है। यही कारण है कि जिले की प्रमुख समस्याओं में से बेरोजगारी एक बड़ी समस्या है। जिले की आबादी 27 लाख के आसपास है। जिसमें 18 साल से लेकर 35 साल के बीच तकरीबन 12 लाख युवा हैं। जिनमें महज 40 से 50 हजार लोगों को ही रोजगार मिल पाया है। जबकि 10 लाख से अधिक बेरोजगार महानगरों की ओर रूख कर अपना जीविकोपार्जन कर रहे हैं। समय-समय पर रोजगार देने का वादा व रोजगार न उपलब्ध होने पर बेरोजगारी भत्ता की बात तो विभिन्ना् राजनैतिक दलों द्वारा की जाती है। लेकिन स्थानीय स्तर पर रोजगार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं और युवा महानगर मुंबई, सूरत, बड़ोदरा, बेंगलुर, दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर काम की तलाश में जा रहें हैं।


