गर्मी दूर बिरगांव में पानी का संकट अभी से
- By 24hnbc --
- Thursday, 07 Jan, 2021
24hnbc- बिरगांव नगर निगम में पानी की किल्लत इस साल अभी से शुरू हो गई है। बेंद्री एनीकट पर पानी कम हो गया है। एनीकट में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं होने की वजह से फिल्टर से पानी को शुद्ध करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उसके बाद भी बिरगांव वासियों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। बिरगांव महापौर अंबिका यदु ने पानी की मांग को लेकर रायपुर कलेक्टर और मुख्यमंत्री को पानी को लेकर एक सप्ताह पहले पत्र लिखा था।मगर, अभी तक गंगरेल बांध से पानी नहीं छोड़ा गया है। बिरगांव नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि जनवरी में पानी कम होने की समस्या पहली पार सामने आई है। ज्ञात हो कि बिरगांव नगर नगर निगम अंतर्गत चालीस वार्डों में कुल एक लाख 20 हजार लोग रहते हैं। वर्तमान में बिरगांव के कुल 28 वार्डों में ही पाइप लाइन बिछा कर पाइप लाइन के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाती है।महापौर अंबिका यदु ने मुख्यालय को पत्र लिखाकर पानी छोड़ने की मांग की है। पत्र में लिखा है कि ऊपर से जल प्रवाह नहीं होने के कारण एनीकट का जल स्तर गिर गया है। दिन-ब-दिन बेंद्री एनीकट का जल गाढ़ा होते जा रहा है। पिछले साल मार्च माह में यह स्थिति आई थी, लेकिन इस साल दिसंबर से ही एनीकट का जल खराब व मोटा होने लगा है। इससे जल शोधन में दिक्कत आ रही है। उन्होंने लिखा है कि यदि समय पर ध्यान नहीं दिया गया, तो बिरगांव में गंभीर जल संकट की स्थिति पैदा हो जाएगी।


