24hnbc
पुरुष नसबंदी के कैंप शुरू
- By 24hnbc --
- Friday, 27 Nov, 2020
शहडोल। स्वास्थ्य विभाग ने पुरुषों की नसबंदी करने की तैयारी तेज कर दी है। इस के लिए जिले के अलग अलग जगहों पर लगने वाले परिवार नियोजन कैंप की डेट भी घोषित कर दी है। सर्दी के शुरू होते ही नसबंदी अभियान को शुरू कर दिया गया है। सीएमएचओ ने निर्देश दिए हैं कि हर कैंप में कम से कम 30 पुरूषों की नसबंदी अवश्य की जाए। साथ ही यह भी कहा है कि ऑपरेशन थियेटर को पूरी तरह से सेनिटाइज करने के बाद ही यहां ऑपरेशन किये जाएं।चार दिसंबर तक होगा कैंपों का आयोजनमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश पाण्डेय ने बताया कि संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं भोपाल के निर्देशानुसार 4 दिसंबर तक पुरूष नसबंदी पखवाडा मनाया जा रहा है। । प्रत्येक विकासखण्ड एवं जिला स्तर पर कैम्पो की तिथियां निर्धारित की गई हैं। सिविल अस्पताल ब्यौहारी में 28 नवंबर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जयसिंहनगर में 29 नवंबर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोहपारू में 1 दिसम्बर, जिला अस्पताल शहडोल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिंहपुर का संयुक्त शिविर जिला अस्पताल शहडोल में 2 दिसम्बर को तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बुढ़ार में 3 दिसम्बर को मेगा पुरूष नसबंदी शिविर का आयोजन किया गया है।


