24HNBC
डबल इंजन रहा असफल अब ट्रिपल का जुमला
- By 24hnbc --
- Friday, 09 Apr, 2021
24HNBC प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डबल इंजन की सरकार का एक नारा दिया था। जिस राज्य में भाजपा की सरकार नहीं है वहां वे डबल इंजन की सरकार के जरिए विकास का वादा करते हैं और डबल इंजन की सरकार बनाने की अपील करते हैं। यह अलग बात है कि पांच साल तक डबल इंजन की सरकार जिस राज्य में भी चली है वहां भाजपा का जीतना मुश्किल रहा है। या तो भाजपा चुनाव हार गई है या उसकी सीटें बहुत कम हुई हैं। यह स्थिति गुजरात में भी हुई, जहां भाजपा को बड़ा नुकसान हुआ। हालांकि बाद में कांग्रेस के विधायकों को तोड़-तोड़ कर भाजपा ने अपनी संख्या बढ़ा ली। बहरहाल, अब डबल इंजन के बाद ट्रिपल इंजन की सरकार का नारा आ गया है क्योंकि भाजपा का सर्वोच्च नेतृत्व अब नगर निगम और पंचायत चुनावों के प्रचार में भी उतर गया है।पिछले दिनों केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने पहली बार ट्रिपल इंजन की सरकार का नारा दिया। उन्होंने अपने राज्य हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार पहले से चल रही है और अगर स्थानीय निकाय में भाजपा जीती तो ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी, जिससे बहुत तेज विकास होगा। इससे ऐसा लग रहा है कि जब तक केंद्र से लेकर नगर निगम तक भाजपा का कब्जा नहीं होगा, तब तक देश का विकास संभव नहीं है। अभी उत्तर प्रदेश में स्थानीय निकायों के चुनाव होने हैं निश्चित रूप से वहां भी ट्रिपल इंजन की सरकार का प्रचार होगा। बिहार में भी भाजपा चाहती है कि पार्टी लाइन पर चुनाव हो पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसका विरोध कर रहे हैं। इस खींचतान के बीच ईवीएम के बहाने चुनाव आयोग ने चुनाव अटकाया हुआ है। यह भी ध्यान रखने की बात है कि हैदराबाद नगर निगम के प्रचार में अमित शाह ने पूरी ताकत लगाई थी। वहां सिंगल इंजन की भी सरकार नहीं है।


