No icon

सहकारी शक्कर कारखाने में ढाई करोड़ का घपला

24HNBC प्रतापपुर। मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना केरता में ढाई करोड़ रुपये के वित्तीय अनियमितता का मामला उजागर होने के बाद भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा का सीधा आरोप है कि शक्कर कारखाना में जबेस संचालक मंडल का गठन हुआ है, तभी से यह भ्रष्टाचार व घोटालों का गढ़ बन चुका है। इससे संभाग के किसानों में निराशा व आक्रोश है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष लाल संतोष सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री सुनील गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अक्षय तिवारी, मंडल महामंत्री अवधेश पांडेय ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में कहा कि शक्कर कारखाने में घोटालों को लेकर किसानों के हित में भाजपा द्वारा समय-समय पर जांच की मांग की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा जिला उपाध्यक्ष लाल संतोष सिंह ने कहा कि शक्कर कारखाना केरता से अवैध रूप से शक्कर की बिक्री और चोरी होने के कारण स्टाक में कमी हुई है। पिछले तीन वर्ष का शक्कर उत्पादन एवं बिक्री का कोई हिसाब नहीं है। तीन वर्षों में मोलासिस किसे और कितना बेचा गया, इसका भी कोई हिसाब नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन द्वारा शक्कर कारखाने में आवश्यकता से अधिक मजदूरों की संख्या बता भ्रष्टाचार किया गया है। परिवहन एवं बोरा सिलाई की निविदा के नियमों कोताक पर रखकर एक ही व्यक्ति के नाम पर टेंडर जारी कर दिया गया। संचालक मंडल के गठन के पश्चात शक्कर कारखाना में भ्रष्टाचार चरम पर है। भ्रष्टाचार से संबंधित दस्तावेजों के साथ कलेक्टर सूरजपुर, संयुक्त पंजीयक तथा अनुविभागीय अधिकारी प्रतापपुर को ज्ञापन सौंपा गया है।