24hnbc
रघुराज सिंह स्टेडियम और बिलासपुर फिजिकल कल्चर सोसाइटी
- By 24hnbc --
- Tuesday, 09 Mar, 2021
बिलासपुर 24 hnbc.
बिलासपुर । शहर की खेल गतिविधियों को संचालित करने के लिए शहर के बीचोबीच राजा रघुराज सिंह स्टेडियम है किंतु दुखद बात यह है कि यहां पर खेल के अतिरिक्त व्यापारिक गतिविधियां ज्यादा होती है और पूरी राजनीति मैदान के बाहर गैलरी के नीचे बनी दुकानों के लिए है। इन दुकानों का बाजार मूल्य करोड़ को छूता नजर आता है दुकानों का किराया ही 40 से 60 हजार रुपए प्रतिमाह बताया जाता है किंतु इस सब से बिलासपुर फिजिकल कल्चर एसोसिएशन को कोई लाभ नहीं होता ।
अब तो शहर के बहुत सारे युवा यह जानते ही नहीं हैं की असल में रघुराज स्टेडियम की रखरखाव की जिम्मेदारी बिलासपुर फिजिकल कल्चर एसोसिएशन की है। 1968 में बिलासपुर के विधायक रामचरण राय ने नगर में खेल गतिविधियों को विधिवत प्रोत्साहन मिले इसके लिए एक संस्था का गठन किया उस समय के गणमान्य नागरिक कुछ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को एक साथ लेकर इस संस्था का निर्माण हुआ और उस समय के मुख्यमंत्री गोविंद नारायण ने संस्था को पहली बार इस स्टेडियम की गैलरी निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाया। संस्था के नियम के अनुसार कलेक्टर बिलासपुर इस संस्था का पदेन अध्यक्ष होता है।
शुरुआती दौर में तो लगभग 10 साल तक इस संस्था की गतिविधियां अच्छे तरीके से चली क्योंकि फाउंडर सदस्य स्वयं रुचि लेते थे और उस समय के जो कलेक्टर आए गए उन्होंने भी इस संस्था का ध्यान रखा किंतु धीरे-धीरे संस्था में राजनीति हावी होती चली गई और छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद भाजपा के शासनकाल में इस संस्था का पूरी तरह राजनीतिकरण हो गया। इस बीच पिछले 10 सालों से अधिक समय हो चुका है संस्था का कोई भी लेखा-जोखा और पदाधिकारियों की सूची रजिस्टार फर्म और सोसाइटी को नहीं दी गई है यही कारण है कि रघुराज स्टेडियम के बाहर बनी हुई दुकानों के आवंटन में खूब अनियमितता हुई चेहरा देख देख कर दुकानों का आवंटन किया गया। और जिन्हें दुकानें प्राप्त हुई उन्होंने कालांतर में दुकानों में किरायेदारों को बिठाल दिया। कुछ ने तो दुकानों की बिक्री भी कर दी बताया जाता है। निगम के भ्रष्ट व्यवस्था में सब कुछ संभव है इसलिए आवंटन के स्थान पर नाम भी बदल गए निगम के अधिकारियों के साथ निगम के जनप्रतिनिधि इन सब अनियमितताओं को लेकर बहुत ही जानकारी रखते हैं किंतु किसी ने भी कभी भी इस संबंध में आपत्तियां नहीं की सब का एक ही उद्देश्य रहता है दुकान में किसी तरह से लाभ मिल जाए अभी हाल ही में इसी स्टेडियम के बाहर एक पार्किंग स्थल को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है किंतु यह काम भी अधूरा है। न्यू दिल्ली स्वीट और रघुराज स्टेडियम के बीच में एक चौड़ा मार्ग हुआ करता था। जो कि लिंक रोड को इमली पारा मार्ग से जोड़ता था किंतु इस मार्ग को बंद कर दिया गया है उसे अतिक्रमण से मुक्त नहीं कराया गया। यह भी बताया जाता है कि पार्किंग स्थल पर भारतीय जनता पार्टी के एक पुराने नेता जो कि ऑटोमोबाइल धंधे से संबंधित थे के भाई का कब्जा था। फिजिकल कल्चर एसोसिएशन के संदर्भ में आर टी आई के माध्यम से दस्तावेज निकाले जा रहे हैं प्राप्त होने पर सभी दस्तावेजों को सार्वजनिक किया जाएगा ।


