No icon

24hnbc

अपनी बात रखने के बाद प्रश्नों से विचलित नजर आए भाजपा के राठी

24hnbc.com
समाचार -
बिलासपुर, 22 अक्टूबर 2022। छत्तीसगढ़ प्रदेश में कानून व्यवस्था की लगातार खराब होती स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी राजकुमार राठी और बिल्हा विधानसभा विधायक धरमलाल कौशिक ने भाजपा कार्यालय में संयुक्त पत्रकार वार्ता ली, पत्रकार वार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मस्तूरी विधायक डॉक्टर बांधी अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। पत्रकार वार्ता में बेलतरा विधायक रजनीश सिंह उपस्थित थे। मीडिया प्रभारी राठी ने अमलेश्वर में दिन गुरुवार को व्यापारी की दिन दहाड़े हुई हत्या पर एक तरफ चिंता प्रकट की और लगे हाथ कांग्रेस पर यह आरोप लगाया कि अपराधिक तत्वों को कांग्रेस का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने दुर्ग रायपुर भिलाई बिलासपुर सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों में लगातार हो रही हत्या डकैती अपहरण आत्महत्या के उदाहरण देते हुए कहा कि व्यापारी ईमानदारी से टैक्स पटाता है और अपना व्यापार शांतिपूर्ण माहौल में करना चाहता है जो वर्तमान में संभव होता नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जब भारतीय जनता पार्टी का शासन था सब कुछ अच्छा अच्छा था जब कभी भी कांग्रेस का शासन आता है कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो जाता है। राठी का वक्तव्य समाप्त होने के बाद उन्होंने मीडिया के प्रश्नों का जवाब नहीं दिया और तत्काल बिल्हा विधायक ने अपना वक्तव्य शुरू किया उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रजिस्टर में हत्या के मामले में छत्तीसगढ़ तीसरे नंबर पर है डकैती पर 11 नंबर में है अपहरण के मामलों में छठे नंबर पर है अमलेश्वर पाटन विधानसभा का हिस्सा है जहां से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विधायक हैं। दुर्ग जिले से छत्तीसगढ़ के मंत्री मंडल में सर्वाधिक प्रतिनिधित्व है गृहमंत्री भी यहीं से हैं परंतु उनका ध्वस्त होती कानून व्यवस्था पर कभी कोई बयान नहीं आता। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था की स्थिति भयावह है बद से बदतर है। मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण का आरोप लगाया और कहा कि "सैंया भए कोतवाल तो डर काहे का" पत्रकारों के प्रश्नों के जवाब दोनों ही पत्रकार वार्ताओं में नहीं मिल पाए पत्रकारों के प्रश्न इस प्रकार थे। 
 
रोहतक में बलात्कार और हत्या के आरोपी राम रहीम को पेरोल फैरोल मिलने पर भाजपा के मंत्री हत्या, बलात्कार के सजायाफ्ता से मिलने जाते हैं तब क्या अपराधियों का हौसला बुलंद नहीं होता। 
 
गुजरात में सामूहिक बलात्कार सामूहिक हत्या के सजायाफ्ता को माफी दी जाती है उनका सामाजिक सम्मान किया जाता है तो क्या इसे भाजपा का अपराधियों को संरक्षण देना ना माना जाए। 
 
उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के नेता के कॉटेज में देह व्यापार के लिए बाध्य की जा रही लड़की आत्महत्या करती है तब भाजपा का आदर्शवाद कहां जाता है। 
 
जब यूक्रेन में युद्ध चढ़ता है और पेट्रोल महंगा इंडिया में होता है तो उत्तराखंड, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा में अपराधियों को भाजपा के संरक्षण का असर पूरे देश में ना हो ऐसा कैसे माना जा सकता है पर इन सब ज्वलंत प्रश्नों का जवाब दिए बिना ही पत्रकार वार्ता स्वल्पाहार के लिए आमंत्रण के साथ समाप्त कर दिया गया।