No icon

24HNBC

होमगार्ड ने जेल भरो आंदोलन की दी चेतावनी

24HNBC झारखंड के होमगार्डों ने हेमंत सोरेन सरकार को मांग पूरी न होने पर पांच अप्रैल से जेल भरो आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। गुरुवार की शाम होमगार्डों ने राजधानी रांची में मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस, विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आठ मार्च से पुन्‍दाग के साईं मंदिर के पास अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे होमगार्डों के समर्थन में निकाला गया। आंदोलनरत होमगार्डों ने कहा कि उन्‍हें इंतजार था कि मुख्‍यमंत्री या सरकार की ओर से उनकी मांग पर कोई ठोस आश्‍वासन मिलेगा लेकिन कोई पहल नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरने को बाध्‍य हो गए। होमगार्ड नेताओं ने हेमंत सोरेन सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने सत्‍ता में आने पर कहा था कि होमगार्डों की सभी मांगें पूरी की जाएंगी लेकिन अब सरकार अपने वादे से मुकर गई है। उन्‍होंने चेतावनी दी कि चार अप्रैल तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो पांच अप्रैल से जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा।उन्‍होंने दावा किया कि आंदोलन के तहत 50 हजार होमगार्ड जवान गिरफ्तारी देंगे। उन्‍होंने कहा कि आंदोलन के दौरान कि यदि राज्‍य में विधि व्‍यवस्‍था बिगड़ती है इसकी जिम्‍मेदारी राज्‍य सरकार की होगी। होमगार्ड नेताओं ने झारखंड में भी होमगार्डों को बिहार राज्‍य की तरह सुविधाएं देने की मांग की। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में पहले से भर्ती होमगार्डों की नियमित रूप से ड्यूटी नहीं लगाई जा रही है। सरकार होमगार्डों को बेकार बिठाए रख रही है।