वायरल वीडियो से मचा हड़कंप... जांच के बाद कार्यवाही का आश्वासन
जिला अस्पताल में डिलीवरी के बाद ‘खर्चापानी’ की मांग
- By 24hnbc --
- Tuesday, 24 Feb, 2026
24hnbc.com
बिलासपुर , 25 फरवरी 2026।
प्रदेश की न्यायधानी कहे जाने वाले बिलासपुर के जिला अस्पताल से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डिलीवरी के बाद मरीजों के परिजनों से ‘खर्चापानी’ के नाम पर पैसे मांगने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
मामला जिला अस्पताल बिलासपुर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कथित रूप से एक महिला स्टाफ प्रसव के बाद मरीज के परिजनों से रकम मांगती नजर आ रही है। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद ‘रिवाज’ या ‘खर्चापानी’ के नाम पर पैसे लिए जाते हैं। जबकि सरकारी अस्पतालों में प्रसव सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होने का दावा किया जाता है। ऐसे में यदि किसी भी प्रकार की राशि की मांग की जा रही है, तो यह स्पष्ट रूप से नियमों के विरुद्ध है।
आरोप यह भी है कि आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों से आसानी से पैसे ले लिए जाते हैं, वहीं गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर भी दबाव बनाया जाता है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश बढ़ गया है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच के बाद क्या कदम उठाए जाते हैं और क्या वास्तव में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के दावे जमीन पर लागू हो पा रहे हैं।


