24 HNBC News
आरोपी फरार भाजपा के सांसद को मिली धमकी
Sunday, 31 Jan 2021 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

नई दिल्ली 24 एच एन बी सी -

भाजपा के राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपित को पुलिस ने मायापुरी से गिरफ्तार कर लिया है। शुरूआती पूछताछ में आरोपित ने शराब के नशे में फोन पर मैसेज करने की बात कही है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर छानबीन में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राकेश सिन्हा ने फोन के जरिए पुलिस को शिकायत कर बताया कि उन्हें फोन पर मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी गयी है। शनिवार रात करीब दस बजे उनके पास मैसेज आया। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने जिस फोन से सांसद को धमकी दी गयी थी, उसे सर्विलांस पर लगाया। फोन की जांच के दौरान पता चला कि उस फोन का इस्तेमाल करने वाला मायापुरी इलाके में रहता है।छानबीन करने के बाद पुलिस ने 39 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित ने बताया कि वह मूलत: राजस्थान के झुंझुनू का रहने वाला है। उसने बताया कि उसने सांसद का नंबर उनके ट्विटर अकाउंट से हासिल किया और शनिवार को शराब पीने के बाद नशे में फोन पर धमकी भरा मैसेज भेज दिया। ज्ञात हो कि सांसद राकेश सिन्हा को इससे पहले भी धमकी भरा फोन और मैसेज भेजा गया था।