
24HNBC जांजगीर-चांपा। कलेक्टर यशवंत कुमार ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सक्ती के विभिन्ना पदों पर चल रही भर्ती में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली की गंभीर शिकायत मिलने और वायरल आडियो में सांख्यिकी अन्वेषक राकेश अग्रवाल द्वारा अभ्यर्थी से नियुक्ति के लिए धनराशि की मांग किए जाने के कारण उन्हें निलंबित कर दिया है।वाणिज्य व्याख्याता राकेश अग्रवाल जिनकी पदस्थापना स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सांख्यिकी अन्वेषक के पद पर जिला शिक्षा अधिकारी अधिकारी कार्यालय सक्ती में की गई है। इनके विरुद्घ कलेक्टर को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सक्ती के विभिन्ना पदों पर चल रही भर्ती में भ्रष्टाचार एवं अवैध वसूली करने की गंभीर शिकायत प्राप्त हुई है। वायरल आडियो में अग्रवाल द्वारा अभ्यर्थी से नियुक्ति के लिए धनराशि की मांग की जा रही है। वायरल आडियो से राकेश अग्रवाल की भूमिका प्रथम दृष्टया अत्यंत ही संदेहास्पद प्रतीत हो रही है। जो कि शासकीय सेवक के कदाचरण की श्रेणी में आती है। उनकायह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम-1965 के प्रावधानों के सर्वथा प्रतिकूल है।