24 HNBC News
जमशेदपुर निकली ट्रैक्टर रैली
Tuesday, 26 Jan 2021 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

 

 

 

24HNBC  किसानों के समर्थन में झारखंड के कई जिलों में भी ट्रैक्टर परेड निकाली गई। जमशेदपुर में किसान आंदोलन एकजुटता मंच की ओर से शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक रैली में जिला प्रशासन की हस्तक्षेप के बाद रूट बदला गया। डीसी सूरज कुमार ने ट्रैक्टर रैली के नगर भ्रमण की अनुमति नहीं दी। रूट को आमबगान मैदान से बालीगुमा फुटबॉल मैदान कर दिया गया। मानगो गुरुद्वारा के प्रधान महेंद्र सिंह के नेतृत्व में आमबगान मैदान से दोपहर सवा बारह बजे निकली ट्रैक्टर रैली साकची गोलचक्कर होते हुए शहीद चौक पहुंची। यहां जिला और पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद रैली वापस साकची गोलचक्कर, बंगाल क्लब, साकची हाईवे, पुराना कोर्ट गोलचक्कर, मानगो डिमना रोड होते हुए बालीगुमा फुटबॉल मैदान गई। रूट बदलने से साकची से मानगो की सड़कों पर जगह जगह जाम की स्थिति बनी। ट्रैक्टर रैली में पहुंचे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार किसान आंदोलनकारियों का मनोबल बढ़ाकर लौट गए।मानगो गुरुद्वारा की गतका टीम के सदस्य जगह-जगह सिख युद्ध कौशल प्रदर्शित करते चल रहे थे।धनबाद में सिंदरी के बिरसा चौक से जन संघर्ष मोर्चा के बैनर तले ट्रैक्टर परेड निकाली गई। यह ट्रैक्टर परेड रैली किसान आंदोलन के समर्थन में निकाली गई। इसमें सभी वाम संगठन, कांग्रेस, झामुमो आदि संगठनों  की भागीदारी रही। दिल्ली में किसान ट्रैक्टर परेड रैली के समर्थन में रैली निकाली गई है ।बिरसा चौक से होकर पूरे सिंदरी में ट्रैक्टर परेड रैली भ्रमण करती रही। इस दौरान केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाए जाते रहे।