
24HNBC - चंडीगढ़: भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू- राजेवाल) के नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने बृहस्पतिवार को किसानों को खुला पत्र लिखकर उनसे केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन को बदनाम करने लिए फैलाई जा रहीं अफवाहों पर विश्वास नहीं करने का अनुरोध किया.बीकेयू (राजेवाल) के अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि किसानों की 26 जनवरी को प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड के बारे में अफवाहें फैलाई जा रही हैं. पंजाबी में लिखे पत्र में राजेवाल ने किसानों से अफवाहों पर विश्वास नहीं करने का अनुरोध किया है.उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ ‘किसान-विरोधी ताकतें’ उनके शांतिपूर्ण आंदोलन को ‘नाकाम’ करने में शिद्दत से जुटी हैं. राजेवाल ने कहा कि किसानों का आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहेगा. राजेवाल ने पत्र में लिखा है कि यह संघर्ष अब केवल किसानों और पंजाब या हरियाणा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हर वर्ग इसमें शामिल है. यह सही मायनों में ‘जन आंदोलन’ में बदल गया है, जो राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और देश के कई अन्य हिस्सों तक फैल गया है.साथ ही उन्होंने लिखा कि यह आंदोलन कई देशों का ध्यान आकर्षित किया है. कई देशों में निर्वाचित प्रतिनिधि भारत सरकार के साथ इस मामले को उठाने के लिए अपनी-अपनी सरकारों को लिख रहे हैं. पूरी दुनिया की नजरें किसान आंदोलन पर लगी हुई हैं.