
24HNBC - होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागृह में बंद हत्या के कैदी शहनवाज हुसैन के पास से जेल प्रशासन ने शुक्रवार को एक मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए। इस मामले में जेल प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात सिपाही विद्या प्रसाद सिंह और राजेश सिंह को भी दोषी मानते हुए इनके अलावा शहनवाज के खिलाफ खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जेल अधीक्षक ने बताया कि शहनवाज को सेल में बंद किया गया है। सुबह चेकिंग के वक्त वह फोन पर बातें करते दिखा। मोबाइल के बारे में पूछताछ करने पर उसने कुछ भी नहीं बताया। जेल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि मोबाइल उसके पास कैसे पहुंचा। कैदी के पास मोबाइल पहुंचाने में कौन-कौन पुलिसकर्मी शामिल हैं। जिन पुलिसकर्मियों की इसमें संलिप्ता रहेगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहनवाज के पास से मोबाइल मिलने के बाद जेल प्रशासन के द्वारा हर वार्ड और सेल में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन कुछ बरामद नहीं हो पाया।