24 HNBC News
मेनका गाँधी के हस्तक्षेप से दर्ज हुई एफ आई आर
Saturday, 16 Jan 2021 00:00 am
24 HNBC News

24 HNBC News

 

 

24HNBC - भिलाई । सांसद मेनका गांधी के हस्तक्षेप के बाद पिल्लों से अमानवीय व्यवहार करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ नेवई पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मैत्रीकुंज रिसाली निवासी एक साफ्टवेयर इंजीनियर ने मेनका गांधी को ई-मेल से आरोपित के अमानवीय कृत्य के बारे में जानकारी दी थी। उक्त ई-मेल को संज्ञान में लेकर मेनका गांधी की असिस्टेंट ने नेवई थाना प्रभारी से बात की और आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पशु के प्रति अमानवीय व्यवहार करने की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।मैत्रीकुंज रिसाली निवासी शिकायतकर्ता फाल्गुनी दास ने अपने पड़ोसी तरुण लांजेवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता फाल्गुमी दास ने बताया कि वे पेशे से साफ्टवेयर इंजीनियर हैं और अभी घर से ही काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर के पास रहने वाली दो मादा श्वान ने 10 पिल्लों को जन्म दिया है। वे और उनके पिता सत्यजीत दास उन पिल्लों की देखरेख करते हैं। उनके रहने के लिए भी अपने घर के सामने ही एक स्थान बनाया है। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोसी तरुण लांजेवार के यहां पर रविवार को एक कार्यक्रम होने वाला था। इस कारण से उन्होंने पिल्लों को वहां से हटाने के लिए कहा था। इस पर उन्होंने पिल्लों को हटाने से मना कर दिया था।शिकायतकर्ता फाल्गुनी दास ने आरोप लगाया कि आरोपित तरुण लांजेवार ने पांच पिल्लों को उनकी मां से अलग कर कहीं छोड़ दिया था। 13 जववरी को तीन पिल्ले गायब हुए तो उन्होंने निगरानी रखनी शुरू की। 14 जनवरी की रात को तरुण लांजेवार की पत्नी ने एक बैग में दो पिल्लों को रखकर दिया तो तरुण लांजेवार ने उन्हें कहीं छोड़ दिया। पूछने पर आरोपित ने ऐसा करने से साफ इन्कार कर दिया था। फाल्गुनी ने बताया कि इसके बाद शुक्रवार की सुबह उन्होंने सांसद मेनका गांधी के संगठन पिपुल्स फार एनीमल्स (पीएफए) से मेनका गांधी की ई-मेल आइडी निकाली और घटना के बारे में जानकारी दी। वहां से मेनका गांधी की असिस्टेंट मीनाक्षी अवस्थी ने तत्काल संपर्क किया और नेवई पुलिस को कार्रवाई के संबंध में निर्देशित किया। फाल्गुनी दास ने बताया कि गायब हुए पिल्लों को वे लगातार खोजती रहीं, लेकिन न मिलने पर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।