
24HNBC- जमशेदपुर, जासं। सुप्रीम कोर्ट का भी निर्देश है कि सड़क पर पार्किंग नहीं होनी चाहिए। सड़क लोगों के चलने और वाहनों के लिए है। लेकिन जमशेदपुर में इसके उलट ना केवल सड़क पर पार्किंग होती है, बल्कि खुद सरकार यहां पार्किंग शुल्क वसूलती है। इसकी बानगी देखनी हो तो आप साकची में जिला मुख्यालय आ जाएं। यहां उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक से लेकर अनुमंडल दंडाधिकारी तक का कार्यालय हैलेकिन यहां खुलेआम मेन रोड पर कार-बाइक कतार से लगी रहती है। यहां शहर की प्रमुख नगर निकाय जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति का पार्किंग बोर्ड भी लगा हुआ है, जिसमें स्पष्ट लिखा है कि बाइक के लिए 10 रुपये और कार का पार्किंग शुल्क 20 रुपये लिया जाएगा। बोर्ड में यह भी लिखा है ‘दिन भर के लिए’। यह हाल उस जिला मुख्यालय परिसर का है, जहां कानून का पालन कराने के लिए दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।