सिंघरी से रतनपुर लौटते समय रात 11:30 बजे हुई घटना, साइड का कांच टूटा - रतनपुर थाने में एफआईआर पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम के वाहन पर पथराव, बाल-बाल बचे
Saturday, 28 Nov 2026 18:00 pm
24 HNBC News
24hnbc.com
कोरबा / बिलासपुर, 29 नवंबर 2026।
पाली-तानाखार के विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम के वाहन पर अज्ञात व्यक्ति ने पथराव कर दिया। घटना में विधायक बाल-बाल बच गए। वाहन का साइड का कांच टूटकर बिखर गया। घटना के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में आक्रोश है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विधायक तुलेश्वर मरकाम बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना अंतर्गत ग्राम सिंघरी में आयोजित गौरा-गौरी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे थे। वहां से रात करीब 11:30 बजे वापस लौटते समय ग्राम सिंघरी मुख्य मार्ग पर अज्ञात व्यक्ति ने उनके वाहन पर पत्थर फेंक दिया।
जिस तरफ बैठे थे विधायक, उसी तरफ हुआ पथराव बताया गया कि पथराव वाहन के सामने नहीं, बल्कि साइड में किया गया, जिधर विधायक बैठे थे। पत्थर के जोरदार प्रहार से वाहन के दरवाजे में लगा साइड का कांच टूटकर बिखर गया। इस दौरान वाहन में विधायक के साथ उनके पीएसओ सुशील कौशिक और वाहन चालक भी मौजूद थे। गनीमत रही कि चालक ने वाहन से नियंत्रण नहीं खोया और किसी को चोट नहीं लगी।
विधायक के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम ने बताया कि वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन किसी को चोट नहीं लगी है।
500 मीटर आगे चल रही थी पुलिस की गश्ती गाड़ी सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के समय विधायक के वाहन से करीब 500 मीटर आगे पुलिस की गश्ती गाड़ी भी चल रही थी। इसके बावजूद देर रात विधायक के वाहन पर पथराव हो गया। इससे सवाल उठ रहा है कि क्या यह सोची-समझी साजिश का हिस्सा था? आशंका जताई जा रही है कि किसी ने पहले से योजना बनाकर विधायक के गुजरने का इंतजार किया।
रतनपुर थाने में शिकायत, जांच की मांग इस पूरे घटनाक्रम को लेकर रतनपुर थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध शिकायत दर्ज करा दी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक के समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों में चिंता की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर भी घटना की निंदा की जा रही है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की ओर से घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई और जनप्रतिनिधि की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। जनप्रतिनिधि पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है।
पुलिस से उम्मीद समर्थकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी का जल्द पता लगाया जाए और उसके पीछे की मंशा को उजागर किया जाए।