24 HNBC News
24hnbc सिमगा में परीक्षा संचालन पर गंभीर आरोप, कलेक्टर को शिकायत निष्पक्ष जांच की मांग
Tuesday, 24 Nov 2026 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
बलौदाबाजार, सिमगा, 25 नवंबर 2026।
सिमगा के एक उत्कृष्ट विद्यालय में परीक्षा संचालन को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। एक शिकायतकर्ता ने कलेक्टर को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ अंकसूची की छायाप्रति भी संलग्न की गई है।
 
शिकायत में कहा गया है कि सिमगा में हाई और हायर सेकेंडरी परीक्षा के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए जाते हैं। एक केंद्र का क्रमांक 111134 और दूसरे का 111135 बताया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों केंद्रों के प्रभारी आपस में नजदीकी रिश्तेदार हैं और दोनों सिमगा में ही निवास करते हैं।
 
शिकायत के अनुसार, एक विद्यालय के विद्यार्थी परीक्षा देने के लिए दूसरे विद्यालय के केंद्र में जाते हैं। इसी व्यवस्था के चलते जुलाई 2025 में आयोजित हाई / हायर सेकेंडरी की द्वितीय मुख्य / अवसर परीक्षा के दौरान नियमों का उल्लंघन होने का आरोप लगाया गया है।
 
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि परीक्षा के दौरान एक केंद्राध्यक्ष की नजदीकी रिश्तेदार ने दूसरे केंद्र से प्राइवेट छात्रा के रूप में परीक्षा दी। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशों में स्पष्ट लिखा है कि यदि केंद्राध्यक्ष या पर्यवेक्षक का पुत्र, पुत्री या निकटस्थ संबंधी उसी केंद्र से परीक्षा दे रहा हो, तो उसे उस केंद्र में केंद्राध्यक्ष या पर्यवेक्षक नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए। शिकायत में आरोप है कि इसके बावजूद नियम का पालन नहीं किया गया।
 
इस मामले में विद्यालय की वर्तमान प्राचार्य गीता लहरे ने बताया कि उस समय वे सहायक केंद्राध्यक्ष थीं और शर्मा सर केंद्राध्यक्ष थे। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी परीक्षा में शामिल हुई थी, इसकी जानकारी उन्हें बाद में पता चली थी।
 
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि उत्तरपुस्तिका की लिखावट की जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने परीक्षा परिणाम में अचानक आए बदलाव को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
 
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि सभी तथ्यों की गहराई से जांच कराई जाए। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में परीक्षा व्यवस्था पर विद्यार्थियों और अभिभावकों का भरोसा बना रहे।