24 HNBC News
बड़े षड्यंत्र की आशंका छत्तीसगढ़ डायोसिस विवाद गहराया: समानांतर संस्था बनाने और संपत्ति पर कब्जे का आरोप
Monday, 23 Nov 2026 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
बिलासपुर, 24 नवंबर 2026। 
 छत्तीसगढ़ डायोसिस (Diocese of Chhattisgarh) के पंजीयन और उससे जुड़े संवैधानिक दस्तावेजों को सार्वजनिक न किए जाने को लेकर मसीही समाज और चर्च सदस्यों में नाराजगी व संदेह गहराता जा रहा है। चर्च सदस्यों का कहना है कि बार-बार मांग के बावजूद अब तक चर्चों और कलीसिया के सदस्यों को पंजीयन की प्रतिलिपि उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे किसी गहरे षड्यंत्र की आशंका जताई जा रही है।
दस्तावेज छिपाने और समानांतर संस्था बनाने के आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नितिन लॉरेंस द्वारा 'Diocese of Chhattisgarh' के पंजीयन का दावा तो किया जा रहा है, लेकिन न तो पंजीयन प्रमाणपत्र और क्रमांक साझा किया गया है, और न ही मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MOA), नियमावली (बाय-लॉज) और सदस्यों की सूची सार्वजनिक की गई है।
चर्च सदस्यों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि आधिकारिक छत्तीसगढ़ डायोसिस के बजाय "Chhattisgarh Diocese Association Society" नाम से एक अलग संस्था बनाई गई है। सदस्यों को आशंका है कि दस्तावेजों को गोपनीय रखकर चर्च, स्कूल, अस्पताल, बैंक खातों और करोड़ों की संपत्तियों का नियंत्रण कुछ चुनिंदा व्यक्तियों के हाथों में केंद्रित करने की तैयारी की जा रही है।
कमेटी भंग करने और असंवैधानिक नियुक्तियों पर भी उठे सवाल
इस पूरे विवाद के बीच 25 जून 2026 को बिशप सुषमा कुमार द्वारा जारी एक पत्र का भी हवाला दिया जा रहा है, जिसके तहत सेंट ऑगस्टीन चर्च बिलासपुर की पुरानी पास्टोरेट कमेटी को भंग कर नई तदर्थ (Ad-hoc) कमेटी गठित कर दी गई थी।
इसके साथ ही, इसी प्रक्रिया के तहत जयदीप रॉबिन्सन को वेतनभोगी (पेड) कोषाध्यक्ष बनाने की तैयारी पर भी चर्च सदस्यों ने कड़ा ऐतराज जताया है। सदस्यों का कहना है कि CNI ग्रीन बुक और संविधान के अनुसार यह कदम पूरी तरह असंवैधानिक है:
 * द्वितीय डायोसेसन काउंसिल में आए प्रस्ताव को तीसरे, चौथे और पांचवें काउंसिल में क्रियान्वित (एग्जीक्यूट) नहीं किए जाने के कारण वह प्रस्ताव स्वतः ही निरस्त हो चुका है।
 * नियमों के मुताबिक पेड कोषाध्यक्ष की नियुक्ति के लिए नई वैकेंसी, निर्धारित योग्यता, सार्वजनिक विज्ञप्ति और इंटरव्यू की प्रक्रिया अनिवार्य है।
 * इसके अतिरिक्त, कोई भी वेतनभोगी कर्मचारी गवर्निंग बॉडी का सदस्य नहीं रह सकता।
सदस्यों की मांग
कलीसिया सदस्यों का स्पष्ट कहना है कि जब तक पंजीयन प्रमाणपत्र, नियमावली और सदस्यों की सूची जैसे मूल दस्तावेज पारदर्शी तरीके से सार्वजनिक नहीं किए जाते, तब तक संपत्तियों और पदों पर कब्जा जमाने की मंशा को लेकर संदेह बना रहेगा।