24 HNBC News
24hnbc शिक्षक की रिपोर्ट आई सामान्य, फिर भी कार्रवाई - पूर्व प्राचार्य वंदिनी श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में लगाए गंभीर आरोप
Monday, 23 Nov 2026 00:00 am
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
बलौदाबाजार, 23 नवंबर 2026। 
 चक्रपाणि स्कूल की पूर्व प्राचार्य वंदिनी श्रीवास्तव ने 17 सितंबर को स्कूल परिसर में हुई घटना को लेकर बलौदाबाजार प्रेस क्लब भवन में प्रेसवार्ता कर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस शिक्षक पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया गया था, उसकी मेडिकल रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई और रिपोर्ट सामान्य आई। इसके बावजूद बिना उनका पक्ष सुने और बिना बयान दर्ज किए उन्हें तथा संबंधित शिक्षक को पद से हटाने जैसी कार्रवाई की गई।
 
वंदिनी श्रीवास्तव ने बताया कि 17 सितंबर को कुछ लोग स्कूल पहुंचकर एक शिक्षक के नशे में होने की शिकायत करने लगे। इसी दौरान निगरानी गुंडा-बदमाश की सूची में शामिल हिस्ट्रीशीटर आशीष शुक्ला अपने साथियों के साथ कथित तौर पर बिना अनुमति उनके कार्यालय में घुस आया। आरोप है कि उनके कार्यालय और स्कूल के नाबालिग छात्र-छात्राओं का जबरन वीडियो बनाया गया। मना करने के बावजूद महिला कर्मचारी के कक्ष में प्रवेश कर वीडियो बनाने और अभद्र व्यवहार करने के साथ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
 
उन्होंने बताया कि घटना के बाद तहसीलदार एवं पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में संबंधित शिक्षक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई। इसके बावजूद प्रशासन ने उनका पक्ष सुने बिना कार्रवाई की और उनसे जूनियर शिक्षक को प्राचार्य का प्रभार सौंप दिया गया। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
 
40 साल की सेवा के बाद भी मिला अपमान और दहशत का माहौल
 
वंदिनी श्रीवास्तव ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने अपने लगभग 40 वर्षों के सेवाकाल में स्कूल के अनुशासन, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और खेलकूद गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन और शारीरिक विकास में भी सुधार हुआ तथा बच्चों को राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने का अवसर मिला। लेकिन एक घटना ने उनके सम्मान और मानसिक शांति को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से वह दहशत में हैं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते अब भी उपचार करा रही हैं।
 
थाने से गृह मंत्री तक गुहार, अब तक कार्रवाई नहीं
 
उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद से लगातार थाना सिटी कोतवाली, पुलिस अधीक्षक और गृह मंत्री तक आवेदन देकर न्याय की मांग कर चुकी हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उनका कहना है कि मामले की जांच पूरी नहीं हुई और न ही अब तक संबंधित लोगों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
 
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हिस्ट्रीशीटर आशीष शुक्ला सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा है, वहीं उसका भाई सूचना के अधिकार के तहत आवेदन देकर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा है।
 
प्रेसवार्ता के माध्यम से वंदिनी श्रीवास्तव ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर हिस्ट्रीशीटर आशीष शुक्ला एवं उसके साथियों के विरुद्ध उचित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया जाए। साथ ही स्कूल में जबरन प्रवेश, नाबालिग बच्चों के वीडियो बनाने, महिला कर्मचारी से कथित अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोपों पर गंभीरता से कार्रवाई हो, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।