24 HNBC News
24hnbc नौकरशाही पर खबरें नहीं शह और मात की बाजी चल रही है
Thursday, 19 Nov 2026 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
रायपुर, 20 नवंबर 2026। 
नौकरशाही पर खबरों की विश्वसनीयता समझना, परखना बेहद कठिन है। अब खबर को एक नहीं कई जगह से पढ़ना और देखना पड़ता है विशेष कर आईएएस, आईपीएस वर्ग की खबर तो अपने आप में बेहद संवेदनशील होती है। कब मीडिया से जुड़े कथित पत्रकार जानबूझकर किसी का एजेंडा चलने लगते हैं यह पता ही नहीं चलता। पूरे 2026 में कभी कोरबा कभी बिलासपुर कभी रायपुर दीपक टंडन और उसकी पत्नी कभी स्टार कभी उद्योगपति तो कभी ठग तो कभी मीडिया मुगल बनते दिखाई दिए अब विलेन बन गए पर अभी भी शतरंज के बोर्ड पर शह और मात का खेल जारी है।
 छत्तीसगढ़ में अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद एक ऐसी कहानी चर्चा में है, जिसके तार कथित तौर पर सत्ता, पुलिस, प्रशासन और मीडिया के गलियारों तक पहुंचते बताए जा रहे हैं। मोबाइल चैट में दर्ज बातचीत के दावे अगर सही साबित होते हैं तो यह मामला केवल धोखाधड़ी, ठगी और उगाही तक सीमित नहीं रहेगा। सवाल कई हैं… अधिकारियों की कुर्सी पर किसकी नजर थी? किसे स्पेशल डीजी बनने से रोकने की कथित रणनीति बनाई जा रही थी? होटल के कमरों में आखिर क्या खेल चल रहा था? और सबसे बड़ा सवाल, इस पूरे नेटवर्क के पीछे असली चेहरे कौन थे?
 
स्पेशल डीजी की कुर्सी… किसे रोकना था और किसके इशारे पर?
 
इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प और गंभीर पहलू एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को स्पेशल डीजी बनने से रोकने की कथित योजना से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, चैट में बार-बार इस बात का जिक्र होने का दावा है कि संबंधित अधिकारी को स्पेशल डीजी बनने से कैसे रोका जाए।
 
इस कथित रणनीति में एक पूर्व अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि उसने कथित तौर पर इस नेटवर्क के साथ मिलकर कई आईपीएस अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना बनाई।
 
आखिर उस अधिकारी से ऐसी क्या अदावत थी? स्पेशल डीजी की कुर्सी को लेकर इतनी बेचैनी क्यों थी? क्या किसी अधिकारी की पदोन्नति रोकने के लिए पर्दे के पीछे बाकायदा रणनीति तैयार की जा रही थी?
 
किस अधिकारी को कब निशाना बनाना है, इसकी भी थी कथित तैयारी!
 
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, चैट में इस बात की चर्चा होने का दावा है कि किस पुलिस अधिकारी को कब निशाना बनाना है और किसके खिलाफ माहौल तैयार करना है। राजधानी के कुछ कथित पत्रकारों के साथ मिलकर अधिकारियों के खिलाफ खबरें प्लांट कराने और उनकी छवि खराब करने की रणनीति बनाए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
 
यानी पहले अधिकारी को निशाना बनाने की कथित योजना, फिर मीडिया के जरिए उसकी छवि पर हमला और उसके बाद दबाव बनाने का खेल! अगर इन दावों में सच्चाई है तो यह किसी एक व्यक्ति की निजी रंजिश नहीं, बल्कि संस्थागत व्यवस्था को प्रभावित करने की गंभीर कोशिश हो सकती है।
 
वेलकम श्री होटल… मसाज के बहाने कथित ब्लैकमेलिंग का खेल?
 
इस कहानी का दूसरा सिरा राजधानी के वेलकम श्री होटल से जुड़ता बताया जा रहा है। आरोपों के मुताबिक, यहां मसाज से लेकर अन्य गतिविधियों के बहाने कुछ अधिकारियों को कथित तौर पर जाल में फंसाया गया। आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने और फिर उन्हीं वीडियो के जरिए अधिकारियों से मनमाफिक काम कराने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
 
कुछ पल के कथित मजे के बाद ब्लैकमेलिंग का दबाव… क्या यही इस नेटवर्क का तरीका था? कितने अधिकारी इस कथित जाल में फंसे? किनसे क्या काम कराया गया? और क्या इस पूरे खेल में कोई प्रभावशाली व्यक्ति पर्दे के पीछे से सब कुछ संचालित कर रहा था?
 
इन सवालों के जवाब अभी सामने आने बाकी हैं।
 
पेंड्रा से रायपुर तक कथित पत्रकारों को फंडिंग!
 
इस मामले में मीडिया से जुड़ा पहलू भी कम गंभीर नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, पेंड्रा से लेकर रायपुर तक कुछ कथित पत्रकारों को आर्थिक मदद देने, चैनलों में काम दिलाने और ऊंचे पदों तक पहुंचाने के आरोप चर्चा में हैं।
 
सवाल यह है कि क्या कुछ लोगों को पत्रकारिता के मंच का इस्तेमाल अधिकारियों को बदनाम करने और दबाव बनाने के लिए किया गया? क्या खबरों के नाम पर किसी खास एजेंडे को आगे बढ़ाया जा रहा था?
 
यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो यह सिर्फ पुलिस और प्रशासन का मामला नहीं रहेगा, बल्कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर भी बड़ा सवाल होगा।
 
गृह विभाग की ट्रांसफर-पोस्टिंग में भी कथित दखल?
 
चैट से जुड़े दावों में गृह विभाग की ट्रांसफर-पोस्टिंग का पहलू भी सामने आ रहा है। आरोप है कि अधिकारियों की नियुक्तियों और महत्वपूर्ण पदों को लेकर इस कथित नेटवर्क की दिलचस्पी थी।
 
हैरानी इस बात की है कि एक विवादित कारोबारी और उसके कथित सहयोगियों की पहुंच आखिर इतनी प्रभावशाली कैसे हो गई कि वे वरिष्ठ अधिकारियों की कुर्सियों को लेकर रणनीति बनाने की स्थिति में बताए जा रहे हैं? क्या इस नेटवर्क को कहीं से संरक्षण मिल रहा था? क्या कुछ अधिकारी ही पर्दे के पीछे से इस खेल की कड़ियां जोड़ रहे थे?
 
टंडन और पत्नी गिरफ्तार, लेकिन असली किरदार अब भी पर्दे के पीछे?
 
अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन अब सलाखों के पीछे है। उसकी पत्नी की गिरफ्तारी की जानकारी भी सामने आई है। लेकिन जिन मामलों में उनकी गिरफ्तारी बताई जा रही है, वे धोखाधड़ी, उगाही और ठगी से जुड़े हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस की कार्रवाई केवल इन्हीं मामलों तक सीमित रहेगी या कथित चैट में सामने आए बड़े नेटवर्क की भी निष्पक्ष जांच होगी?
 
कौन था वह पूर्व अधिकारी? किन आईपीएस अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना थी? किसे स्पेशल डीजी बनने से रोकना था? कथित पत्रकारों को किसने फंडिंग की? और होटल के कमरों से शुरू हुआ बताया जा रहा यह खेल आखिर किन-किन प्रभावशाली लोगों तक पहुंचता है?
 
टंडन की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन क्या इस कहानी के असली किरदारों तक पुलिस पहुंच पाएगी?
 
क्योंकि असली सवाल टंडन के सलाखों के पीछे जाने का नहीं, बल्कि उस कथित नेटवर्क के बेनकाब होने का है, जिसके तार अगर सत्ता, पुलिस और प्रशासन तक जुड़े हैं तो उसकी पूरी परत खुलना जरूरी है। अब देखना यह है कि जांच सिर्फ गिरफ्तार आरोपियों तक रुकती है या पर्दे के पीछे बैठे कथित सूत्रधारों तक भी पहुंचती है।