24 HNBC News
24hnbc लकेश्वर के परिवार को न्याय दिलाने, निष्पक्ष जांच की मांग लेकर प्रेस क्लब ने सौंपा ज्ञापन
Monday, 16 Nov 2026 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
बलौदाबाजार, 17 नवंबर 2026।
ग्राम बनगबौद में दीपावली के दौरान पत्रकार लकेश्वर बघेल के पिता प्रकाश बघेल के साथ हुई मारपीट और मामले में पीड़ित परिवार के विरुद्ध काउंटर एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर बलौदाबाजार प्रेस क्लब ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा को ज्ञापन सौंपा।
 
ज्ञापन में बताया गया कि मारपीट की घटना में प्रकाश बघेल गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनके सिर एवं आंखों के आसपास चोटें आईं और टांके लगाने पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे पत्रकार लकेश्वर बघेल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने की शिकायत है। इस मामले में थाना लवन में अपराध क्रमांक 0398/2026 दर्ज किया गया था। इसके अगले ही दिन घायल पिता, पत्रकार पुत्र एवं परिवार के अन्य सदस्यों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0399/2026 के तहत काउंटर एफआईआर दर्ज कर दी गई। प्रेस क्लब ने इस घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
 
ज्ञापन में लवन थाना प्रभारी को वर्तमान पदस्थापना से हटाकर जांच किसी वरिष्ठ एवं निष्पक्ष पुलिस अधिकारी से कराने, मारपीट के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, गवाहों को धमकाने की शिकायत की जांच तथा पीड़ित पत्रकार और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है। साथ ही काउंटर एफआईआर की भी निष्पक्ष समीक्षा करने की बात कही गई है।
 
प्रेस क्लब ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है। क्लब का कहना है कि पत्रकारिता के नाम पर किसी को कानून से ऊपर नहीं रखा जा सकता, लेकिन किसी पत्रकार और उसके पीड़ित परिवार को न्याय एवं सुरक्षा मिलना भी सुनिश्चित होना चाहिए। यह मांग निष्पक्ष पुलिसिंग, पत्रकारों की सुरक्षा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के उद्देश्य से की गई है।
 
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी, सचिव दलजीत सिंह चावला, उपाध्यक्ष निशांत श्रीवास्तव, सलाहकार सुदेश साहू एवं राघवेंद्र सिंह सहित आभाष शर्मा, विजय तिवारी, शंकर दुलानी, राजा वालेचा, लंकेश्वर बघेल, तोषण चौबे, तुलसी साहू समेत बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।