24 HNBC News
24hnbc आनंद मेले का आयोजन, ध्रुवाकारी के बच्चों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
Sunday, 15 Nov 2026 00:00 am
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
पचपेड़ी/बिलासपुर,14 नवंबर 2026। 
शासकीय कन्या प्राथमिक शाला ध्रुवाकारी में शनिवार को बाल दिवस के अवसर पर आनंद मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष वंदना शर्मा, प्रधान पाठक महेतरु मधुकर एवं संकुल शैक्षिक समन्वयक राहुल देव भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मेले में विद्यार्थियों द्वारा चाट-पकौड़ी, समोसा, भजिया, जलेबी, भेल, पोहा, फल, सेवई, हलवा, भेलपुरी सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। बच्चों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्वयं स्टॉलों का संचालन किया तथा सामान की बिक्री भी की। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने खरीद-बिक्री और व्यवहारिक गणित का अनुभव प्राप्त किया।
इस अवसर पर शिक्षिका श्रीमती गुल आफ़रीन फारुकी द्वारा सभी बच्चों को पेन भेंट किए गए।
मध्यान्ह भोजन संचालन समिति दिव्या महिला स्व-सहायता समूह, ध्रुवाकारी एवं रसोइया दिलबाई, सगुना तथा छीता द्वारा सभी बच्चों को खीर, पूड़ी एवं चने का वितरण किया गया, जिसका बच्चों ने बड़े आनंद के साथ स्वाद लिया।
आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक दिलीप भूषण कुर्रे, गुल आफ़रीन फारुकी, दिनेश भारती एवं सफाईकर्मी ललीता महिलांगे का विशेष सहयोग रहा। मेले में पालकों, ग्रामवासियों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रधान पाठक ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। साथ ही, उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट स्टॉल लगाने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। आनंद मेले का आयोजन बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का एक यादगार अवसर साबित हुआ।