24hnbc खाकी पर दाग मुंगेली में एसपी के नाम पर गरीब महिला से ठगी, शिकायत पर 30 दिन से जांच अटकी
Sunday, 11 Oct 2026 18:00 pm
24 HNBC News
24hnbc.com
मुंगेली/सरगांव,12 अक्टूबर 2026।
जिले के सरगांव थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। एक गरीब महिला से पुलिस अधीक्षक के नाम पर 10 हजार रुपये की ठगी कर ली गई, और 30 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
पीड़िता कविता जोशी ने बताया कि 11 सितंबर 2026 को उसके पति को सरगांव पुलिस ने किसी मामले में हिरासत में लिया था। इसी दौरान कविता की शिकायत में दर्ज एक मोबाइल नंबर पर बार-बार फोन आने लगा। फोन करने वाले ने खुद को पुलिस अधीक्षक बताते हुए कहा कि 10,000 रुपये दोगे तभी तुम्हारा पति छूटेगा।"
कविता का आरोप है कि यह बातचीत मर्राकोना गांव के सरपंच ने अपने मोबाइल फोन से करवाई थी। पति की चिंता में परेशान और बेबस कविता ने कर्ज लेकर बताए गए नंबर पर पूरे 10,000 रुपये भेज दिए। बाद में पता चला कि उसके पति की धारा मुचलका योग्य थी और वह कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही रिहा हुआ था, 10 हजार रुपये देने की वजह से नहीं। ठगी का अहसास होने पर कविता ने पहले मुंगेली एसपी को लिखित में शिकायत दी, फिर दूसरे दिन 12 सितंबर 2026 को सरगांव थाने में भी शिकायत दर्ज कराई।
आरोप है कि शिकायत को 30 दिन से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन पुलिस ने न तो उस मोबाइल नंबर की जांच
नहीं कर पाई है।
सरगांव टीआई से समाचार लिखने के पहले बात करने पर उन्होंने कहा कि मैं तीन दिन से छुट्टी पर था आज ही लौटा हूं, शर्मा जी कोर्ट में गए हैं उनसे पूछ कर आपको कल बताऊंगा कि जिस नंबर से फोन आया वह किसका और कहां का है।
पीड़िता का सवाल है कि कोई भी दुकालू-सुकालू खुद को पुलिस अधीक्षक बताकर 10 हजार रुपये खा जाए और खाकी के कंधे न झुकें, यही खाकी आंदोलनकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटती है, लेकिन एक आईपीएस के नाम पर हुई 10 हजार की ठगी पर पुलिस को शर्मिंदगी की जगह शोहरत लग रही है।