24 HNBC News
विकास नगर के निवासियों ने कलेक्टर, एसपी और नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन बिलासपुर में सार्वजनिक नाली बंद कर निर्माण का आरोप, मोहल्लेवासियों ने लगाई रोक की गुहार
Monday, 28 Sep 2026 18:00 pm
24 HNBC News

24 HNBC News

24hnbc.com
बिलासपुर, 29 सितंबर 2026। 
 सिविल लाइन थाना क्षेत्र के 27 खोली विकास नगर में नगर निगम द्वारा करीब 16 वर्ष पूर्व बनाई गई पक्की सार्वजनिक नाली को बंद कर उस पर निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। मोहल्लेवासियों ने इसकी शिकायत अभिलेखाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी सिविल लाइन और नगर निगम आयुक्त से की है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उनके मकान खसरा नंबर 257/17, 257/71, 257/72 पर स्थित हैं और पंप हाउस के पीछे बाउंड्रीवाल से लगे हैं। मकानों के पीछे से नगर निगम द्वारा निर्मित सार्वजनिक नाली गुजरती है, जिसमें मोहल्ले के कई घरों का निस्तारी पानी बहता है।
आरोप है कि राजस्व निरीक्षक संजय कौशिक द्वारा उक्त नाली को बंद कर उसके ऊपर पक्के मकान का निर्माण कराया जा रहा है। निवासियों का कहना है कि उन्होंने कौशिक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कहा कि "मैं नाली यहां से नहीं जाने दूंगा।" वहीं कौशिक का दावा है कि नाली उनकी जमीन से होकर गई है, जबकि निवासियों का कहना है कि उनके मकान बनने से पहले ही निगम द्वारा नाली का निर्माण कराया जा चुका था।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि नाली बंद होने से निस्तारी का पानी घरों और सड़क पर भर जाएगा, जिससे भविष्य में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मांग की है कि जब तक पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न हो जाए, तब तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए। शिकायत के साथ नाली की छायाप्रति भी संलग्न की गई है। निवासियों ने प्रशासन से नाली को बंद न कराए जाने और पानी निकासी की उचित व्यवस्था कराए जाने की मांग की है।