24hnbc एसपी बनकर 10 हजार की ठगी, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार
Monday, 28 Sep 2026 00:00 am
24 HNBC News
24hnbc.com
मुंगेली, 28 सितंबर 2026।
जिले के सरगांव थाना क्षेत्र से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां खुद को एसपी बताकर एक महिला से 10 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर पैसा वापस दिलाने और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदिका कविता जोशी पति शैलेन्द्र जोशी, निवासी ग्राम मर्राकोना , पथरिया की रहने वाली है। जो अपने परिवार के साथ शांतिपूर्वक निवास करती है। पीड़िता के अनुसार 11 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे ग्राम सरपंच रामचरण ध्रुव और राम खिलावन उसके घर आए और कहा कि एसपी साहब का फोन आया है, बात कर लो। कविता ने जब बात की तो फोन पर मौजूद व्यक्ति ने कहा कि उसका मोबाइल जब्त हो गया है और उसे दूसरे नंबर पर बात करनी है। इस पर कविता ने अपनी पड़ोसी का नंबर 7987077480 दिया। इसी नंबर पर दोबारा फोन आया। कॉलर ने कहा कि तुम्हारे पति के केस को रफा-दफा करना है या आगे बढ़ाना है? पीड़िता ने रफा-दफा करने की बात कही।
इसके बाद ठग ने खर्चा-पानी की मांग शुरू कर दी। उसने 10 हजार रुपये की मांग की। पीड़िता ने कहा कि एक रुपया भी देने की हिम्मत नहीं है, 5 हजार में काम चल जाएगा क्या? इस पर आरोपी ने धमकी भरे लहजे में कहा कि केस को आगे बढ़ने दो। डर के मारे कविता ने कहा कि वह किसी से कर्ज लेकर पैसे दे देगी और हाथों-हाथ देने की बात कही।
तब ठग ने कहा कि हाथों-हाथ नहीं लेगा, सीसीटीवी कैमरा लगा है। आधे घंटे के भीतर ऑनलाइन पेमेंट भेजो। खुद को एसपी बताकर कॉल करने वाला नंबर 9303098268 था। ठग ने पैसे ट्रांसफर करने के लिए मोबाइल नंबर 7024603759 (गोविंद दास के नाम पर) दिया। पीड़िता ने अपने परिचित दिनेश देवांगन के मोबाइल नंबर 7000277030 से 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
पैसे भेजने के बाद जब कविता को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है तो वह मानसिक रूप से परेशान हो गई। पीड़िता ने आवेदन में बताया कि ठगी के बाद से वह लगातार तनाव में है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से विनम्र प्रार्थना की है कि ठगी करने वाले से उसका पैसा वापस दिलाया जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इस तरह की ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जहां ठग पुलिस अधिकारियों के नाम पर भोले-भाले ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है पता नहीं कब तक आएगा कुछ निष्कर्ष... इतने संदिग्ध मामलों में भी जांच में पुलिस की निष्क्रियता दिख रही है।एसपी के नाम पर वसूली 11 को शिकायत हुई 12 तारीख को सरगांव थाना में भी शिकायत की गई लेकिन अब तक जांच कहां पहुंचे पता नहीं।