24hnbv सुविधा के लिए कटिंग, मुसीबत बनी जानलेवा! बलौदाबाजार में डिवाइडर बने एक्सीडेंट जोन
Sunday, 16 Aug 2026 18:00 pm
24 HNBC News
24hnbc.com
बलौदाबाजार, 17 अगस्त 2026।
शहर के प्रमुख मार्गों पर बने डिवाइडरों और उनकी अनियोजित कटिंग को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच सोमवार को बलौदाबाजार-लवन मार्ग पर दुर्गा कैरियर के पास दो कारों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि एक कार डिवाइडर की कटिंग से दूसरी ओर जा रही थी। इसी दौरान लवन मार्ग की ओर से आ रही दूसरी कार से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
लगातार हादसों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं डिवाइडर की कटिंग के पास हुई यह दुर्घटना शहर में पहले से सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। इससे पहले रायपुर रोड पर भारत पेट्रोल पंप के पास डिवाइडर की कटिंग के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हुआ था। वहीं कोतवाली थाना के सामने डिवाइडर के पास स्कूल बस और कार की टक्कर तथा गार्डन चौक पर डिवाइडर पार करते समय दो कारों की भिड़ंत की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भाटापारा रोड, रायपुर रोड, लवन रोड सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर डिवाइडरों में बनाई गई कई कटिंग दुर्घटना संभावित स्थल बन चुकी हैं। इन स्थानों पर वाहन चालकों को अचानक दूसरी दिशा से आने वाले वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे टक्कर का खतरा बढ़ जाता है।
बिना समुचित यातायात अध्ययन के कटिंग पर सवाल
शहरवासियों के अनुसार डिवाइडर और उनकी कटिंग का निर्धारण सड़क की चौड़ाई, वाहन दबाव, यातायात प्रवाह, दृश्यता तथा दुर्घटनाओं के आंकड़ों का तकनीकी अध्ययन करने के बाद किया जाना चाहिए। यदि कटिंग का निर्माण या उसका स्थान बिना समुचित यातायात अध्ययन के तय किया जाता है, तो यातायात सुविधा के बजाय वही कटिंग हादसों का कारण बन सकती है।
लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं के बावजूद डिवाइडरों की कटिंग को लेकर प्रभावी सुधार नहीं होने से यातायात व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर बने डिवाइडरों और उनकी कटिंग का तत्काल तकनीकी एवं यातायात सुरक्षा ऑडिट कराया जाए।
साथ ही दुर्घटना संभावित कटिंग को आवश्यकतानुसार बंद करने या उनके स्थान में बदलाव करने, पर्याप्त संकेतक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि डिवाइडर यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने का माध्यम होना चाहिए, दुर्घटनाओं का कारण नहीं।