24hnbc NSUI का प्रदर्शन सफल, राजीव गांधी पीजी कॉलेज प्राचार्य ने मानी छात्रहित की सभी 8 मांगे
Tuesday, 11 Aug 2026 00:00 am
24 HNBC News
24hnbc.com
अंबिकापुर, 11 अगस्त 2026
राजीव गांधी पीजी कॉलेज में NSUI के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद प्राचार्य ने छात्रहित की सभी मांगों को मान लिया है। 11 अगस्त को NSUI सरगुजा विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष एवं छात्र प्रतिनिधि ज्ञान तिवारी के नेतृत्व में छात्रों ने महाविद्यालय परिसर में ज्ञापन सौंपकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान NSUI ने प्राचार्य के समक्ष 8 सूत्रीय मांगपत्र रखा। इसमें *शिक्षकों की नियमित उपलब्धता, कैंटीन से एलएलबी ब्लॉक तक सड़क निर्माण, समय पर आईडी कार्ड और NEP की किताबों का वितरण, कक्षाओं की व्यवस्थित समय-सारणी और हॉस्टल में प्रवेश नियमों का सरलीकरण* जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं।
छात्रों का आरोप था कि सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई बाधित हो रही है। कई विषयों में शिक्षक समय पर नहीं मिलते और आधारभूत सुविधाएं भी पूरी नहीं हैं। सड़क न होने से बरसात में कैंटीन से एलएलबी तक कीचड़ हो जाती है। हॉस्टल प्रवेश की प्रक्रिया भी जटिल है।
ज्ञापन मिलने के बाद प्राचार्य ने सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और चरणबद्ध तरीके से सभी बिंदुओं का निराकरण किया जाएगा।
NSUI सरगुजा विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष ज्ञान तिवारी ने कहा कि अगर तय समय में मांगे पूरी नहीं हुईं तो संगठन फिर से उग्र आंदोलन करेगा और अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरेगा।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से NSUI सरगुजा यूनिवर्सिटी उपाध्यक्ष ज्ञान तिवारी, अभिनव काशी, आकाश पटेल, पवन सोनी, मुकेश यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्रों ने उम्मीद जताई है कि प्राचार्य के आश्वासन के बाद अब कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा और शैक्षणिक माहौल बेहतर बनेगा।