किरना गांव के पास हाईवे पर सुरक्षा के इंतजाम नदारद डस्टर कार में लगी आग, शॉर्ट सर्किट बना वजह, कार नं. CG 04 KN 4000 जलकर खाक,
Friday, 31 Jul 2026 18:00 pm
24 HNBC News
24hnbc.com
मुंगेली, 1 अगस्त 2026।
किरना गांव के पास हाईवे पर शनिवार को सुबह 10:30,11:00 डस्टर कार में अचानक आग लग गई। कार नं. CG 04 KN 4000 में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की और देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार में रखी शासकीय किताबें और जरूरी दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सड़क पर सामान्य गति से चल रही थी। तभी इंजन से धुआं निकलता दिखा और और चालक को भी कुछ जलने की बू आई पर कुछ ही सेकंड में आग लग गई। चालक ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी रोकी और खुद को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। एन एच कर्मी वहां आए उनके पास आग बुझाने का 5 किलो का स्प्रे था। उससे आगे काबू नहीं हो पाया और कार जल गई।
घटना की सूचना के बाद भी मौके पर फायर ब्रिगेड या पुलिस की टीम समय पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि किरना हाईवे पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। न कोई इमरजेंसी नंबर की जानकारी है, न ही हाईवे पेट्रोलिंग। ऐसे में अगर आग में कोई फंस जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
कार मालिक ने बताया कि गाड़ी में कुछ शासकीय किताबें और फाइलें रखी थीं जो पूरी तरह जल गईं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाए और समय पर मदद पहुंचाने के लिए रिस्पांस टीम तैनात की जाए।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी ली है और शॉर्ट सर्किट को आग लगने का प्राथमिक कारण माना जा रहा है। प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है।